यूपी के कानपुर शहर में जीटी रोड स्थित प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय में 25 मई को लगने वाले रोजगार मेले में 11 कंपनियां अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए आ रहीं हैं। जॉब फेयर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी 24 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
रोजगार मेले में नौकरियों की संख्या 1124 है। ये कंपनियां कानपुर नगर के लिए अभ्यर्थियों की नियुक्ति करेंगी। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी 24 मई तक ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सहायक निदेशक सेवायोजन एसपी द्विवेदी ने बताया कि 18-55 साल के लोग आवेदन कर सकते हैं। हाईस्कूल से लेकर परास्नातक पास अभ्यर्थी नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। नौकरियां कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, फतेहपुर और इलाहाबाद समेत पूरे देश के लिए हैं। आवेदकों को प्रति माह 7000 से 11000 रुपये तक वेतन मिलेगा।
आवेदक विभाग के पोर्टल sewayojan.up.nic.in पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं या फिर विभाग में अपना बायोडाटा जमा कर सकते हैं। रोजगार मेला में कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री डेवलेपमेंट काउंसिल दिल्ली, केटीएल कानपुर, शिव शक्ति बायोटेक्नोलॉजी लिमिटेड लखनऊ, यूरेका फोर्ब्स लिमिटेड कानपुर, एसआईएस इंडिया लिमिटेड लखनऊ, लेयान ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड कानपुर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कानपुर, ग्रैपी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड कानपुर के अलावा अब लाइफ ट्रान हॉस्पिटल, विसजन स्टोर्स प्राइवेट लिमिटेड, श्रीराम कंपनी लिमिटेड भी आ रही है। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अब तक 570 अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं।