आठ लोगों की मौत: चेयरमैन की जागी संवेदना...सर्वे में 220 लोग फुटपाथ पर रहते मिले, CM को पत्र लिखकर की ये मांग
Hardoi News: ईओ राजेश राणा ने बताया सर्वे में नट और महावत बिरादरी के करीब 44 परिवार चिह्नित हुए हैं। चेयरमैन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इन लोगो को मुवाजा के साथ ही आवासीय जमीन और आवास दिलाए जाने की मांग की है।
विस्तार
हरदोई जिले के मल्लावां कस्बे में बालू लदे ट्रक के पलटने से आठ लोगों की मौत के मामले में नगर पालिका परिषद चेयरमैन की संवेदना जागी है। उन्होंने निकाय के अधिकारियों-कर्मचारियों से फुटपाथ पर रहने वाले परिवारों का सर्वे कराया। अलग-अलग स्थानों पर नट बिरादरी के 220 लोग फुटपाथ पर रहते मिले हैं।
चेयरमैन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पीड़ित परिवार को मुआवजा के साथ ही इन परिवारों को आवासीय जमीन और आवास दिलाने की मांग की है। कस्बा में बालू लदे ट्रक के पलटने से एक झोपड़ी में सो रहे आठ लोगों की मौत हो गई थी। चेयरमैन तबस्सुम ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित कर कस्बा में रहने वाले नट बिरादरी के भूमिहीन और बेघर परिवारों की रिपोर्ट मांगी थी।
ईओ राजेश राणा ने बताया सर्वे में नट और महावत बिरादरी के करीब 44 परिवार चिह्नित हुए हैं। इसमें जूनियर हाईस्कूल से लेकर कस्बा में अलग-अलग स्थानों पर यह लोग परिवार सहित रह रहे हैं। चेयरमैन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इन लोगो को मुवाजा के साथ ही आवासीय जमीन और आवास दिलाए जाने की मांग की है।
तीसरे दिन भी 10 परिवारों में नहीं जला चूल्हा
नट बिरादरी के दस परिवार में तीसरे दिन शुक्रवार को भी घर का चूल्हा नहीं जला। मृतक अवधेश की मां सुशीला ने बताया कि जीवित रहने के लिए खा तो रहे हैं लेकिन, चूल्हा जलाने की हिम्मत नहीं है। शाम को पूर्व चेयरमैन अजय मुंशी और चेयरमैन प्रतिनिधि परवेज आलम ने भोजन की व्यवस्था कराई है। अवधेश उर्फ बल्ला के चचेरे भाई अशोक ने जमाने से वह लोग बिना आवास के गुजर-बसर कर रहे हैं।
कोई अधिकारी हालचाल तक लेने नहीं आया
आधारकार्ड किसी तरह उन लोगों के बना दिए गए लेकिन, आवास का लाभ नहीं मिल सका। पन्नी और तिरपाल के सहारे गुजर-बसर करते हैं। मुख्यमंत्री से आवास दिलाए जाने की मांग की है। अवधेश पुत्र बंटी ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद से प्रशासन से कोई अधिकारी मदद तो, दूर हालचाल तक लेने नहीं आया। शुक्रवार को कानूनगो जितेंद्र सिंह आए थे। वह बहन मोनिका को स्कूल में दाखिला कराने की बात कहकर चले गए।
सीएम बाल सेवायोजना में कराएंगे लाभांवित
हरदोई जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि मल्लावां केa ट्रक हादसा मामला में मृतक के बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना में लाभांवित कराए जाने की प्रक्रिया शुरु कराई गई है। बच्चों का विवरण जुटाया गया है। इसी के साथ सामाजिक सहायता कार्यक्रम में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना से भी लाभांवित कराया जाएगा।
चालक के पास कानपुर से बालू परिवहन का एमएम-11 भी मिला
उन्होंने बताया कि ट्रक से ले जा रही बालू के मामले की भी एडीएम, एआरटीओ और पुलिस सीओ से जांच कराई गई है। ट्रक पर करीब डेढ़ टन बालू कम मिली है। चालक के पास कानपुर से बालू परिवहन का एमएम-11 भी मिला है। ट्रक ओवरलोड नहीं था बल्कि, रात में अनियंत्रित होने से ट्रक झोपड़ी पर पलट गया और इसमें आठ लोगों की जान चली गई थी।