मातम में बदली खुशियां: विदाई की हो रही थी तैयारियां, रस्मों के बीच पहुंची मौत की खबर, लोग बोले- कैसी विपदा आई
Hardoi Accident: कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेजा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। चालक को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
विस्तार
हरदोई जिले के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह मे शामिल होकर वापस लौट रहे बाइक सवार दंपती और पौत्री को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की डंपर से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, पति और पौत्री को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेजा है। कोतवाली क्षेत्र के गांव भूड़मड़ईया निवासी राजबहादुर की बेटी सोनी की बारात गुरुवार को कन्नौज जनपद से आई थी। शादी में राजबहादुर की बेटी की देवरानी चंद्रमोहनी (58) भी शामिल होने आई थी।
उसके साथ पति कमलेश और पौत्री प्रियांशी (5) पुत्री रंजीत कुमार निवासी सेवढ़ई, थाना माधौगंज भी पहुंचे थे। शुक्रवार की सुबह तीनो लोग बाइक से लौट रहे थे। सुबह करीब छह बजे राघौपुर तेरवाकुल्ली रोड पर मुचुवापुर मोड़ पर बाइक सवारों को पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी।
हादसे में पति और पौत्री को आई हल्की चोट
टक्कर लगने से बाइक पर सवार महिला उछलकर रोड गिर गई, जिससे महिला की कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। पति कमलेश हेलमेट लगाए था, जिससे उसको और पौत्री को हल्की चोट लगी है। मौका पाकर चालक डंपर को लेकर राघौपुर की ओर भाग गया।
शव को पोस्टमार्टम के भेजा
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजन भी रोते हुए घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतका के तीन बेटे और एक बेटी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेजा है। कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
लोग बोले- हे! भगवान, कैसी विपदा आई
राजबहादुर की बेटी सुबह कलेवा व बिदाई की तैयारियां चल रही थी। इस बीच रिश्तेदार महिला चंद्रमोहिनी की मौत की खबर पहुंची, तो खुशियां मातम मे बदल गईं। ग्रामीणों से लेकर रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। हर कोई यही कह रहा था कि हे! भगवान, कैसी विपदा आ गई।