फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Drug dealer dies after being hit by car of a stunting minor, Selfie was clicked before the accident

‘आखिरी सेल्फी’: नाबालिग ने कार से मारी टक्कर, बुजुर्ग को दूर तक घसीटा...मौत, हादसे से पहले क्लिक की थी तस्वीर

Sun, 18 Feb 2024 04:32 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर Published by: हिमांशु अवस्थी Updated Sun, 18 Feb 2024 04:32 AM IST
सार

Kanpur News: बैराज पर स्टंटबाजी कर रहे नाबालिग ने कार से दवा कारोबारी को टक्कर मार दी। इसके बाद कार में फंसे व्यापारी को दूर तक घसीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। कारोबारी के साथियों ने कार चला रहे नाबालिग और उसके दोस्त को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

विज्ञापन
Drug dealer dies after being hit by car of a stunting minor, Selfie was clicked before the accident
गंगा बैराज पर दवा व्यापारी निकेश तलाटी एक्सीडेंटल मौत से पहले ली गई - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कानपुर के गंगा बैराज पर स्टंटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार सुबह बैराज-बिठूर रोड पर साइकिल चला रहे दवा कारोबारी निकेत तलाटी (62) को नाबालिग कार चालक ने टक्कर मार दी। कार में फंस जाने के कारण वे काफी दूर तक घिसटते चले गए। कार जब बाउंड्री से टकराकर रुकी, तब तब उनकी मौत हो चुकी थी। उनके साथ साइकिल चलाने वालों ने नाबालिग चालक और उसके दोस्त को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

विज्ञापन

आरोप लगाया कि स्टंटबाजी और ओवरस्पीड की वजह से हादसा हुआ है। कोतवाली क्षेत्र के सिविललाइंस ग्रीन पार्क के पीछे गुजरात अपार्टमेंट में रहने वाले निकेत तलाटी शहर के बड़े दवा कारोबारी थे। बिरहाना रोड दवा बाजार में तलाटी ब्रदर्स नाम से होलसेल और फुटकर दवा का कारोबार है। घर में पत्नी नीना है। एक बेटा श्रेय न्यूजीलैंड और दूसरा गौरांग पुणे में इंजीनियर है। रोज की तरह निकेत अपने ग्रुप के साथ बैराज-बिठूर रोड पर साइकिल चलाते हुए पहुंचे।

विज्ञापन

यहीं पर नाबालिग दोस्त को कार में बैठाकर स्टंटबाजी कर रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार ने निकेत की साइकिल में टक्कर मार दी और निकेत कार में ही फंस गए। उनके साथियों अमनदीप, आशु, रवि आदि ने ग्रामीणों की मदद से कार चालक नाबालिग और उसके दोस्त को दबोच लिया। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल कारोबारी को सर्वोदयनगर स्थित एक अस्पताल में ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर पुलिस ने नाबालिग और उसके साथी को हिरासत में ले लिया।

विज्ञापन

नाबालिग ने तेजी व लापरवाही से कार चलाकर ले ली जान
पूछताछ में पता चला कि नाबालिग कार चालक अनवरगंज थानाक्षेत्र निवासी टाइल्स ब्रांडिंग का काम करने वाले व्यापारी का बेटा है और हाईस्कूल का छात्र है। उसका दोस्त सूटरगंज ग्वालटोली निवासी रेडीमेड कपड़ा कारोबारी का बेटा है। वह 11वीं का छात्र है। एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार ने बताया कि नाबालिग ने तेजी व लापरवाही से कार चलाकर दवा कारोबारी की जान ले ली है। कारोबारी के परिवार की तरफ से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

स्टंटबाजी और स्पीड से आई मौत
हिरासत में लिए गए नाबालिग कार चालक ने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त गाड़ी की स्पीड 90 के पार थी। इस वजह से कार अनियंत्रित हो गई और वह संभाल नहीं पाया। वहीं कारोबारी के साथियों का कहना है कि गाड़ी स्पीड में होने के साथ ही नाबालिग स्टंट भी कर रहे थे। दो पहियों पर गाड़ी चलाने का प्रयास कर रहे थे।

15 लोगों के समूह, रोज चलाने जाते थे साइकिल
निकेत के साथ ही 15 बुजुर्गों का ग्रुप है। ये लोग रोजाना सुबह साइकिल चलाने जाते थे। कभी सिविललाइंस से बिठूर तो कभी रूमा तक साइकिल चलाकर वापस आते थे। शनिवार सुबह ये लोग बिठूर साइकिल चलाकर जा रहे थे। तभी हादसा हो गया।

15 दिन पहले खरीदी थी सेकेंड हैंड कार
कानपुर में कार से कारोबारी की जान लेने वाले नाबालिग की जन्मतिथि 30 जुलाई 2007 है। इस हिसाब से वह करीब साढ़े 16 साल का है। वहीं, नाबालिग के साथी ने अपनी जन्मतिथि 11 नवंबर 2005 बताई है। बताया कि उसके बड़े भाई ने 15 दिन पहले सेकेंड हैंड कार खरीदी थी। वह घरवालों को बताए बिना ही कार लेकर निकला था। दोस्त को उसके घर से लिया और दोनों बैराज पहुंचे।

नाबालिग को कोर्ट में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जाएगा
इसके बाद कार की स्टीयरिंग उसने अपने दोस्त को थमा दी। थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार किसी विलियम के नाम रजिस्टर्ड है। कार पांच बार बिक चुकी है। कार 10 रुपये के स्टांप पर खरीदी गई है। कार अभी ट्रांसफर नहीं हुई है। थाना प्रभारी के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर नाबालिग कार चालक को कोर्ट में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जाएगा। उसके साथी और कार मालिक पर भी कार्रवाई की जाएगी।

पत्नी हुईं बदहवास, बच्चे न्यूजीलैंड और पुणे से कानपुर के लिए रवाना
दवा कारोबारी के निकेत तलाटी के मौत की खबर सुनते ही पत्नी नीना बदहवास हो गईं। रोते हुए पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं। पति का शव देखते ही गश खाकर गिर पड़ीं। उधर, बेटा गौरांक पुणे और श्रेय न्यूजीलैंड से कानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और व्यापारी निकेत का शव घर ले गए। कारोबारी के परिजनों और करीबियों ने मांग की है कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आगे से कोई अभिभावक अपने नाबालिग बच्चे को कार न दें।

कारसवारों के परिजनों ने की सांठगांठ की कोशिश
हादसे की खबर पाकर थाने पहुंचे नाबालिगों के परिजनों ने पुलिस से सांठगांठ करने की कोशिश की। वे चाहते थे कि नाबालिग की जगह किसी बालिग ड्राइविंग लाइसेंस धारक को पुलिस आरोपी बना दे। थाना प्रभारी ने बताया कि ऐसा करने से मना करने पर आरोपियों के परिजनों ने इधर-उधर से फोन भी कराए। उधर, पुलिस ने देर शाम तक घटनास्थल पर खड़ी रही कार को कब्जे में ले लिया है।

दवा व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष थे निकेत
दवा कारोबारी निकेत तलाटी कानपुर दवा व्यापार मंडल के कई सालों से कोषाध्यक्ष थे। दवा व्यापारियों में निकेत तलाटी का बड़ा नाम था। मूलरूप से गुजरात के रहने वाले थे, लेकिन कई साल पहले कानपुर आने के बाद यहीं पर रच बस गए थे। एक बेटा न्यूजीलैंड में परिवार के साथ रहता है तो दूसरा पुणे में पत्नी और बच्चों के साथ रहता है।

गुजराती समाज को कानपुर में किया स्थापित
निकेत तलाटी गुजराती समाज सभा के भी पदाधिकारी थे। उन्होंने गुजरात के रहने वाले लोगों को कानपुर में स्थापित किया और उनको अलग पहचान दिलाई। वे गुजराती समाज के नाम से संस्था भी चलाते थे। वे सभा में सांस्कृतिक मंत्री के अलावा कई अन्य पदों पर रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि गुजराती समाज को कानपुर में निकेत तलाटी ने ही पहचान दिलाई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed