Auraiya Accident: मालगाड़ी की चपेट में आकर चालक की मौत, ड्यूटी खत्म होने के बाद टहलने निकला था युवक
दिबियापुर थाना क्षेत्र में मालगाड़ी की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। मृतक एनटीपीसी अधिकारी की कार चलाने का काम करता था। उसके भाई ने पुलिस को बताया कि वो ड्यूटी खत्म होने के बाद टहलने निकला था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में एनटीपीसी अधिकारी की कार चलाने वाले संविदा कर्मी युवक की मालगाड़ी की चपेट में आकर मृत्यु हो गई। मंगलवार देर रात पुलिस ने शिनाख्त होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना के सही कारणों का पता लगा रही है।
फफूंद रेलवे स्टेशन से होकर गुजरे डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर की लाइन पार कर रहा एक युवक तेज गति से गुजरी मालगाड़ी की चपेट में आ गया। मंगलवार रात तकरीबन 10 बजे सूचना रेल प्रशासन ने दिबियापुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए।
वहीं, पास में पड़ा मोबाइल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। मोबाइल से सिम निकाल मिले नंबरों पर बात करने पर मृतक की शिनाख्त लोहिया नगर दिबियापुर निवासी पवन (30) पुत्र अरविंद शुक्ला के रूप में हुई। परिजनों द्वारा शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एनटीपीसी अधिकारी की कार चलाता था मृतक
गेल में प्राइवेट तौर पर नौकरी करने वाले छोटे भाई अंकित शुक्ला ने बताया कि उनका भाई एनटीपीसी में एक अधिकारी की कार का चालक था। वह मंगलवार शाम ड्यूटी से लौटने के बाद टहलने के लिए निकला था। मालगाड़ी की चपेट में कैसे आया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
उन्होंने बताया कि उनके पिता अरविंद कानपुर में पुलिस कांस्टेबल हैं। मूल रूप से घसारा अछल्दा के रहने वाले हैं। उनके भाई की आठ वर्ष पहले शादी हुई थी। एक तीन साल व एक एक माह की बेटी है। पिछले मंगलवार को ही छोटी बेटी का मूल शांति कार्यक्रम हुआ था।
घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि घटना के कारणों का सही पताया लगाया जा रहा है। जांच कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लोगों से पूछताछ करके जानकारी की जा रही है।