{"_id":"65fd9f1e38d5decb4e040ccd","slug":"district-president-sharafat-ali-expressed-gratitude-to-party-in-hardoi-district-office-2024-03-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hardoi: नहीं थम रहा सपा के अंदर चल रहा विवाद, कार्यालय के बाहर खड़े रहे शराफत अली; बीरे यादव के पास थी चाबी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Hardoi: नहीं थम रहा सपा के अंदर चल रहा विवाद, कार्यालय के बाहर खड़े रहे शराफत अली; बीरे यादव के पास थी चाबी
Fri, 22 Mar 2024 08:59 PM IST
श्याम जी.
अमर उजाला नेटवर्क, हरदोई
अमर उजाला नेटवर्क, हरदोई
Published by: श्याम जी.
Updated Fri, 22 Mar 2024 08:59 PM IST
सार
हरदोई जिले में समाजवादी पार्टी में अंतर्विरोध चल रहा है। शराफत अली को जिला कार्यालय का ताला खुलने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। चर्चा है कि जिलाध्यक्ष पद से हटाकर प्रदेश सचिव बनाए गए बीरे यादव के पास चाबी थी, लेकिन उन्होंने इससे इनकार किया है।
विज्ञापन
सपा नेता
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हरदोई जिले में सपा में चल रहा अंतर्विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को जिलाध्यक्ष घोषित होने के बाद शुक्रवार को पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचे शराफत अली को अपने समर्थकों के साथ काफी देर तक ताला खुलने का इंतजार करना पड़ा। चर्चा है कि जिलाध्यक्ष पद से हटाकर प्रदेश सचिव बनाए गए बीरे यादव के पास चाबी थी, लेकिन उन्होंने इससे इनकार किया है। इस सबके बीच शराफत अली ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और दावा किया कि हरदोई और मिश्रिख लोकसभा सीट से सपा चुनाव जीतेगी।
विज्ञापन
नगर पालिका परिसर में स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि सपा का समर्पित कार्यकर्ता हूं। पूर्व में भी तीन बार जिलाध्यक्ष और कई बार प्रदेश सचिव रह चुका हूं, जो भी जिम्मेदारी पार्टी ने दी है उसको पूरी मेहनत से पूरा किया है। उन्होंने कहा कि बूथवार जनता के बीच सपा की नीतियों का प्रचार प्रसार करेंगे। दावा किया कि हरदोई और मिश्रिख से सपा प्रत्याशियों की जीत होगी।
विज्ञापन
पत्रकार वार्ता में मौजूद हरदोई और मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी विकास यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी वर्गां के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने नारा दिया है कि भाजपा को 80 हराओ नौकरी पाओ, 80 हराओ सामाजिक न्याय पाओ। पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू, पम्मू यादव, पूर्व विधायक राजेश्वरी, वरिष्ठ नेता प्रहलाद मिश्रा, आदर्श दीपक मिश्रा, अमित वाजपेयी, मुकेश यादव, जिला पंचायत सदस्य छत्तर आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
गायब हो गया कार्यालय से फर्नीचर
प्रेसवार्ता दौरान कार्यकर्ताओं के बीच कार्यालय का फर्नीचर गायब हो जाने की जबरदस्त चर्चा रही। प्लास्टिक और फैंसी कुर्सियां, एसी और एलईडी टीवी कार्यालय में न होने को लेकर चकचक मची रही। इसको लेकर आरोप निवर्तमान जिलाध्यक्ष बीरे यादव पर लगे, लेकिन उन्होंने कहा कि सिर्फ निजी सामग्री ही ली है। बाकी सब बेबुनियाद आरोप हैं।
चार जून तक के लिए शराफत अली अध्यक्ष
जिलाध्यक्ष पद से हटाकर प्रदेश सचिव और दो विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी बनाए गए बीरे यादव की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में है। इस पोस्ट में उन्होंने अखिलेश यादव को अपना मसीहा बताया है। लिखा है कि बुलाकर अध्यक्ष बनाया था और सहमति लेकर चार जून तक के लिए हटाया है।
फिर आरोपों की झड़ी
बीरे यादव ने अखिलेश यादव को वाट्सअप से एक संदेश भेजे जाने की जानकारी मीडिया को दी। इसमें दावा किया है कि सपा कार्यालय में एक बैनर लगा था, जिसमें अखिलेश यादव और डिंपल यादव की फोटो के साथ ही मुलायम सिंह यादव, रामगोपाल यादव आदि की फोटो भी थी। आरोप है कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शराफत अली, पूर्व जिलाध्यक्ष जीतू वर्मा और विकास यादव ने बैनर फाड़कर इसे पैरों से रौंद दिया। इन लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि शराफत अली, विकास यादव और जीतू वर्मा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।