Kannauj: सूचना पर पहुंची थी डायल 112 पुलिस, ग्रामीणों ने सिपाहियों को पीटा, 19 नामजद और 200 अज्ञात पर रिपोर्ट
Kannauj News: सौरिख थाना क्षेत्र में शिकायत की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस के सिपाहियों को ग्रामीणों ने जमकर पीटा। मामले में डायल 112 पुलिस की तहरीर पर 19 नामजद व 150 से 200 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
विस्तार
कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मारपीट की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस पर सैकड़ों ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के साथ जमकर हाथापाई व मारपीट की। डायल 112 पुलिस की सूचना पर थाना पुलिस पहुंची। इसके बाद एक उपद्रवी को गिरफ्तार कर लिया। डायल 112 पुलिस की तहरीर पर 19 नामजद व 150- से 200 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
शुक्रवार सुबह आठ बजे रायपुर निवासी अनीता पत्नी नंदपाल नायक ने डायल 112 पर शिकायत की कि गांव निवासी होमगार्ड चाचा राकेश नायक पुत्र मथुरा प्रसाद नायक गालीगलौज व मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर पीआरवी 2628 के सिपाही मछलेश कुमार व मनोज कुमार, चालक अवधेश कुमार के साथ पहुंचे। जांच के दौरान शिकायत गलत मिलने पर सिपाहियों ने अनीता को डांट दिया।
भाजपा नेता के बेटे को हिरासत में ले लिया
इस पर पति नंदलाल ने दोबारा शिकायत करने की बात की। मना करने पर गांव वालों को इकट्ठा कर डायल 112 पुलिस पर हमला कर मारपीट कर दी। जान बचाकर इधर-उधर भागे सिपाहियों ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और पीआरवी के सिपाहियों को बचाया। इस दौरान पुलिस ने एक उपद्रवी व भाजपा नेता दिनेश नायक पुत्र गिरंद नायक को हिरासत में ले लिया।
सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने थाना घेरा
ग्रामीणों ने पुलिस की एक तरफा कार्रवाई का विरोध करते हुए थाना घेर लिया और गिरफ्तार किए गए भाजपा नेता दिनेश नायक को छोड़ने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने गांव निवासी होमगार्ड राकेश नायक के इशारे एक तरफा कार्रवाई की है, जबकि लड़ाई की जड़ होमगार्ड राकेश है।
पीआरवी के सिपाहियों से भी पिटवाया था
होली से एक दिन पहले 13 मार्च की शाम 7.30 बजे के करीब गांव में राकेश ने नंदपाल व उसके नाबालिग बेटे के साथ मारपीट की और पीआरवी के सिपाहियों से भी पिटवाया था। शिकायत करने पर पुलिस ने होमगार्ड राकेश नायक की तरफ से भी दिनेश नायक, थम्मन नायक, सोमेश नायक, महेंद्र नायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि होमगार्ड राकेश नायक आए दिन गांव वालों के साथ गालीगलौज करता है और मुकदमो में फंसाने की धमकी देता है।
इन ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
शुक्रवार सुबह डायल 112 पर पहुंची पीआरवी टीम के साथ मारपीट करने वाले 19 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसमें नंदपाल पुत्र राधेश्याम, अनीता पत्नी नंदपाल, दिनेश नायक, वीरेंद्र नायक, हरपाल नायक, थम्मन नायक, होरीलाल नायक, रामऔतार नायक, लालू नायक, तिलक सिंह नायक, ग्रीस नायक, सुधीर माखन, मीरा उर्फ ममता, शांति देवी, प्रेमा देवी, कमला देवी, सोनवती, दुर्योधन, रामबहादुर समेत 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।