Dengue in Kanpur: स्वास्थ्य विभाग का मौत का आंकड़ा शून्य, निजी अस्पतालों के पॉजिटिव सैंपल उर्सला में निगेटिव
उत्तर प्रदेश के कानपुर में डेंगू का हमला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को 38 नए संक्रमित मिले हैं, जिनमें 21 शहर के हैं। वहीं, अब तक तीन रोगियों की मौत डेंगू से हो चुकी है, जबकि स्वास्थ्य विभाग का मौत का आंकड़ा शून्य है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में डेंगू से तीन रोगी खत्म हो चुके हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग का डेंगू मौत का आंकड़ा शून्य है। शासन के निर्देश के मुताबिक उर्सला, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में एलाइजा जांच से पुष्ट रोगियों को ही डेंगू संक्रमित माना जाएगा।
शास्त्रीनगर की रोगी हृदया को पहले डेंगू से एक निजी अस्पताल में पुष्टि हुई थी और बाद में उसके सैंपल की जांच उर्सला में कराई गई। उर्सला से भी रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई थी। उसकी मृत्यु को अभी डेंगू मौत में नहीं जोड़ा गया है। मंगलाविहार की चित्रलेखा (57) को डेंगू की पुष्टि केजीएमयू लखनऊ से पुष्टि हुई थी।
वहीं, तीसरी मौत शास्त्रीनगर के स्वरित की है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उसे डेंगू मौत मान रहे हैं, लेकिन यह केस भी आंकड़ों में नहीं है। सीएमओ डॉ. आलोक रंजन ने बताया कि इस संबंध में शासन को आंकड़ा भेजा जा रहा है। शासन की गाइड लाइन के मुताबिक ही निर्णय लिए जाते हैं।
पॉजिटिव सैंपल उर्सला में हो रहे निगेटिव
कानपुर के निजी अस्पतालों और पैथोलॉजियों में जिन रोगियों को डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट दी जा रही है। उनमें 40 फीसदी सैंपल उर्सला की लैब में निगेटिव निकल रहे हैं। मंगलवार को सर्वोदयनगर के अस्पताल से 42 सैंपल उर्सला भेजे गए थे।
इनमें 21 सैंपल ही पॉजिटिव निकले हैं, बाकी निगेटिव हैं। इसी तरह दूसरे अस्पतालों और पैथोलॉजियों में पॉजिटिव केस सरकारी जांच में निगेटिव हो जा रहे हैं। सीएमओ डॉ. आलोक रंजन का कहना है कि निजी अस्पतालों और पैथोलॉजियों को फिर पत्र भेजा गया है कि जिन रोगियों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव है।
उनकी जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज और उर्सला में भी जांच करा लें। दोनों जगहों पर डेंगू की जांच निशुल्क की जा रही है। उर्सला और मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट के आधार पर ही केस डेंगू पॉजिटिव माना जाएगा। यही कारण है कि डेंगू से मौतों के आंकडों में गड़बड़ी दिख रही है।
निजी अस्पतालों में अधिक रोगी करा रहे हैं इलाज
कानपुर में डेंगू संक्रमितों में अब प्लेटलेट्स काउंट तेजी से कम होने लगा है। 10-12 हजार प्लेटलेट्स काउंट पर रोगी अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं। बुधवार को 38 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें 21 शहर के हैं। ओपीडी स्तर पर हुई सैंपलिंग के तीन-चार रोगी ही हैं, बाकी रोगी जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वे अस्पतालों में भर्ती हैं।
प्लेटलेट्स गिरने से गंभीर हालत में आने वाले ज्यादातर रोगियों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हैलट, उर्सला और कांशीराम अस्पताल में रोगियों का इलाज चल रहा है। इनमें ज्यादातर दूसरे जिलों के रोगी हैं। डेंगू रोगियों के लक्षणों में बदलाव आ रहा है।