मौसेरे भाइयों की मौत: पेट्रोल डालकर फूंकने में पिता-पुत्र गिरफ्तार, जमींनी रंजिश में की थी वारदात, पूछताछ जारी
Kanpur News: कसिगवां गांव में मौसेर भाइयों की जलकर मौत के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। दोनों ने पूछताछ में वारदात करना कबूल किया है। बताया है कि जमींनी विवाद की रंजिश में घटना को अंजाम दिया।
विस्तार
कानपुर में सेन पश्चिम पारा के कसिगवां गांव में बीते मंगलवार देर रात मौसेरे भाइयों अनिल उर्फ सुनील (22) और राज उर्फ छोटू (20) की जलकर मौत हो गई थी। पुलिस ने पेट्रोल डालकर फूंकने के मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। दोनों ने जमीनी रंजिश में मौसेरे भाइयों की जलाकर हत्या कर दी थी।
पिता बदलू मृतक अनिल का ताऊ और विनोद चचेरा भाई है। घटना के बाद मृतक राज के पिता प्रेमकुमार ने जमीनी रंजिश में चचेरे भाई विनोद और पड़ोसी कल्याण सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस बदलू विनोद और कल्याण सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी।
इसमें पिता बदलू और पुत्र विनोद दोनों ने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। बता दें कि कसिगवां गांव में मंगलवार रात एक चारपाई पर सोए दो मौसेरे भाइयों की जली हुईं लाशें मिली थी। दोनों जलकर मरे या जलाकर मारे गए, इस गुत्थी में पुलिस भी उलझ गई थी।
जमींनी रंजिश में घटना को अंजाम देने की बात कबूली
हालांकि, परिजनों ने संपत्ति विवाद में हत्या के बाद शवों को जलाने का आरोप लगाया था। कुछ अहम बिंदु भी हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। दोनों ने जमींनी विवाद की रंजिश में घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है।