Kanpur: वृद्धा की घर में मौत...हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस, रात में हुईं थीं खून की उल्टियां, पढ़ें मामला
Kanpur News: मोहल्लेवालों ने बताया कि विकास अपने बेटे मनोज के साथ रहती थीं। विकास एक गायत्री मंदिर में पुजारी है। भाइयों को आरोप था कि मां पेंशन का सारा रुपया विकास पर खर्च करती हैं। इस बात को लेकर विवाद होता था। इसकी उन्होंने कई बार पुलिस चौकी में शिकायत की, लेकिन पुलिस घरेलू मामला बताकर लौटा देती थी।
विस्तार
कानपुर के कल्याणपुर में गुरुवार रात पनकी पड़ाव के पास स्थित ब्रेकर पर बेटे संग घर जा रही वृद्धा बाइक से उछल पर सड़क पर जा गिरीं। शुक्रवार सुबह वह कमरे में मृत मिलीं। किसी ने पुलिस को फोनकर हत्या की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, तो परिजनों से नोकझोंक होने लगी।
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पाई। जल निगम से रिटायर्ड अरविंद मिश्रा की पत्नी मनोज मिश्रा (65) अपने तीन बेटों विवेक, विकास और वैराग्य के साथ कल्याणपुर आवास विकास तीन में रहती थीं। वहीं उनके दो अन्य बेटे विनय शताब्दीनगर और अनिल केशवनगर में परिवार के साथ रहते हैं।
ब्रेकर पर बाइक उछली, तो वृद्धा सड़क पर गिरी
मोहल्लेवालों ने बताया कि अरविंद की मौत के बाद पेंशन को लेकर अक्सर उनके तीनों बेटों में विवाद होता था। गुरुवार को रुपये को लेकर तीनों में विवाद हुआ था। जिसके बाद वह अपने बेटे विकास के साथ बड़े बेटे विनय के घर चली गई। देर रात करीब 10 बजे वापसी में पनकी पड़ाव के पास ब्रेकर पर बाइक उछली, तो वृद्धा सड़क पर गिरकर जख्मी हो गई।
देर रात मां को काफी उल्टियां हुईं
उनके नाक से खून निकलने लगा। आसपास के लोगों ने ई रिक्शे की मदद से उन्हें घर भेज दिया। बेटे विकास ने बताया देर रात मां को काफी उल्टियां हुईं। दूध में हल्दी डालकर मां को दे दिया था। शुक्रवार सुबह जब मां को उठाने पहुंचा, तो वह मृत अवस्था में मिलीं। इस बीच पुलिस पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी। इन्कार पर करीब चार घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
पेंशन के रुपये को लेकर आए दिन होता था घर में विवाद
मोहल्लेवालों ने बताया कि विकास अपने बेटे मनोज के साथ रहती थीं। विकास एक गायत्री मंदिर में पुजारी है। भाइयों को आरोप था कि मां पेंशन का सारा रुपया विकास पर खर्च करती हैं। इस बात को लेकर विवाद होता था। इसकी उन्होंने कई बार पुलिस चौकी में शिकायत की, लेकिन पुलिस घरेलू मामला बताकर लौटा देती थी। इसी का फायदा उठाकर किसी ने हत्या की फर्जी सूचना दे दी।
प्राथमिक जांच में सड़क हादसे में मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -लाखन यादव, एडिशनल डीसीपी पश्चिम