कानपुर: सीएसजेएमयू कुलपति ने छात्र पर दर्ज कराई एफआईअआर, इंस्टाग्राम पर भ्रामक पोस्ट का आरोप
Kanpur News: सीएसजेएमयू के कुलपति प्रोफेसर विनय पाठक ने इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में एक छात्र के खिलाफ कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपी छात्र पर विश्वविद्यालय और कुलपति की छवि धूमिल करने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक व तथ्यहीन सामग्री प्रसारित करने का आरोप है।
विस्तार
कानपुर में छत्रपति शाहूजी जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय पाठक ने एक छात्र के खिलाफ कल्याणपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि विश्वविद्यालय और उनकी छवि धूमिल करने के लिए छात्र इंस्टाग्राम पर भ्रामक और तथ्यहीन पोस्ट कर रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कुलपति प्रोफेसर विनय पाठक ने पुलिस को बताया कि गीतानगर के अम्बेडकरनगर निवासी छात्र हर्ष सोनकर ने विवि और उनके खिलाफ कई दिनों से अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर विभिन्न वीडियो अपलोड और प्रसारित किए। इनमें कुलपति और विवि के खिलाफ ऐसे तत्व प्रसारित किए गए जो प्रथम दृष्टया झूठे, तथ्यहीन प्रतीत हो रहे हैं।
कुलपति की ओर से एफआईआर कराई गई
इससे विवि के खिलाफ छात्रों और आमजनों में भ्रम और प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कल्याणपुर इंस्पेक्टर केशव तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। वहीं, सीएसजेएमयू के मीडिया प्रभारी और पत्रकारिता विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि हर्ष सोनकर कैंपस छात्र नहीं है। वह एक कॉलेज का है। वह सोशल मीडिया पर विश्वविद्यालय और कुलपति की छवि खराब करने के लिए भ्रामक और मिथ्या जानकारी प्रसारित कर रहा था। इस पर कुलपति की ओर से उसके खिलाफ एफआईआर कराई गई है।
