Kanpur: CSJMU के प्रो. मुकेश रंगा बर्खास्त, अनुशासनहीनता और दस्तावेजों में अनियमितता के आरोप
Kanpuar News: CSJMU की कार्यपरिषद ने स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के प्रो. मुकेश रंगा को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। शनिवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में सेंटर फॉर एकेडमिक में आयोजित कार्यपरिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
विस्तार
कई मामलों की जांच के बाद हुई कार्रवाई
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रो. मुकेश रंगा के खिलाफ अनुशासनहीनता, विश्वविद्यालय के आदेशों की अवहेलना और नियुक्ति से जुड़े कई मामलों की जांच चल रही थी। जांच में दोषी पाए जाने के बाद कार्यपरिषद ने उन्हें बर्खास्त करने का निर्णय लिया।
दस्तावेजों में कथित अनियमितता के भी आरोप
विश्वविद्यालय के अनुसार प्रो. रंगा पर नौकरी के दौरान पूर्व नियोक्ता से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्रस्तुत न करने, जाति और निवास संबंधी दस्तावेजों में कथित अनियमितता के आरोप भी लगे थे। आरोप है कि झांसी में नियुक्ति के समय उन्होंने हरियाणा का निवासी होने का उल्लेख किया था और वहीं का अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया था। इन मामलों के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने जांच बैठाई थी और उन्हें निलंबित कर दिया गया था।
नोटिस का जवाब नहीं देने का भी आरोप
विश्वविद्यालय का कहना है कि जांच के दौरान प्रो. रंगा कई बार सुनवाई में उपस्थित नहीं हुए और न ही उन्हें जारी नोटिसों का जवाब दिया। इसके बाद कार्यपरिषद ने उपलब्ध जांच रिपोर्ट और अभिलेखों के आधार पर सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया।