शुक्लागंज (उन्नाव)। गंगा बैराज मार्ग पर मगरमच्छ दिखने पर वन विभाग की टीम सोमवार को गंगा बैराज पहुंची और टीम ने करीब आठ किमी की खाक छानी पर मगरमच्छ नहीं मिला। वन विभाग कर्मी बोले, गर्मी अधिक पड़ रही है। हो सकता है कि बचाव के लिए वह कहीं छिप गया हो। फि लहाल नजर रखी जाएगी।
वन विभाग के क्षेत्राधिकारी वीके पांडे, वन दरोगा श्री कृष्ण दुबे, सतीश बाजपेई सोमवार दोपहर गंगा बैराज पहुंचे और फिर कानपुर छोर से छोटा मंगलपुर और फिर वहां से बैराज पुलिस चौकी, नवाबगंज थाना सीमा एवं कोहना थाना सीमा के अंतर्गत पड़ने वाले जंगलों में जाकर निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मगरमच्छ के बारे में जब आसपास के लोगाें से पूछा तो वह कोई जानकारी नहीं दे सके। फिर भी जंगलों में तलाश की, इस दौरान मगरमच्छ के रेंगने के निशान भी नहीं मिले है। हालांकि कटरी का क्षेत्र काफ ी बड़ा है जिसके चलते हो सकता है कि गर्मी से बचने के लिए मगरमच्छ ने कोई सुरक्षित ठंडा स्थान तलाश लिया हो। फिर भी बैराज मार्ग के आसपास रहने वाले लोगों को नंबर देकर सतर्क रहने को कहा है और कहा कि यदि मगरमच्छ की कोई हलचल दिखे तो तत्काल सूचना विभाग के लोगों को दें।