कानपुर: नारामऊ हाईवे पर बड़ी लापरवाही, एक ही खराब डंपर से भिड़े तीन वाहन, चार लोग गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती
Kanpur News: नारामऊ हाईवे पर पुलिस की लापरवाही के चलते एक के बाद एक कई हादसे हो गए। इसमें एक ही खराब डंपर से बस, बाइक और दूसरा डंपर टकरा गए। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गएख, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारामऊ हाईवे पर शुक्रवार को पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम की गंभीर लापरवाही सामने आई। इसके कारण एक ही स्थान पर सिलसिलेवार कई भीषण हादसे हो गए। हाईवे की चालू लेन पर खराब होकर खड़े एक मौरंग लदे डंपर को समय रहते न हटाए जाने के चलते शाम से लेकर रात के बीच तीन अलग-अलग वाहन उससे टकरा गए।
इन हादसों में बस चालक, दो बाइक सवार युवक और दूसरे डंपर का चालक समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, नारामऊ हाईवे पर एक मौरंग लदा डंपर अचानक तकनीकी खराबी के कारण सड़क के बीचोंबीच लेन पर ही खड़ा हो गया था। शाम करीब सात बजे तेज रफ्तार से आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर इस खड़े डंपर के पिछले हिस्से से जा टकराई।
केबिन में बुरी तरह फंस गया चालक
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और बस चालक बबलू निवासी परगही बांगर केबिन में बुरी तरह फंस गया। ठीक इसी दौरान उसी बस के पीछे चल रहे मंधना निवासी दो युवक भी अपनी बाइक समेत असंतुलित होकर बस से जा भिड़े। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस चालक बबलू को बाहर निकाला और पुलिस की मदद से अस्पताल भिजवाया।
रात 11 बजे फिर वही गलती
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और बाइकों को तो सड़क से हटवा दिया, लेकिन खराब खड़े मौरंग के डंपर को हाईवे से नहीं हटवाया। इसका खामियाजा चार घंटे बाद रात करीब 11 बजे फिर भुगतना पड़ा। एक अन्य तेज रफ्तार बड़ा डंपर भी उसी खड़े वाहन को देख नहीं पाया और खराब डंपर से टकरा गया। हादसे में गिट्टी लदे डंपर के चालक कुलदीप निवासी सीतापुर को भी गंभीर चोटें आईं।