कानपुर: युवक को सड़क पर पटका, चेहरे-सिर पर बरसाईं लातें, पैसे गिरने को लेकर था विवाद, आरोपी पुलिस हिरासत में
Kanpur News: चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लालबंगला स्थित बृजवासी स्वीट हाउस के सामने मारपीट का एक मामले सामने आया है। इसमें एक युवक ने दूसरे को जमीन पर गिराकर चेहरे पर ताबड़तोड़ लातें मारीं हैं। मामले में चकेरी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
विस्तार
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लालबंगला स्थित बृजवासी स्वीट हाउस के पास दबंगई का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक हमलावर युवक को सड़क पर पटककर उसके चेहरे पर बेरहमी से लातें बरसाता हुआ नजर आ रहा है, जबकि पीड़ित युवक सड़क पर बेसुध हालत में पड़ा दिख रहा है।
राहगीरों में से किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामले का संज्ञान लेते हुए चकेरी पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना 28 अक्तूबर शाम की है।
पैसे गिर जाने को लेकर हुआ था विवाद
लालबंगला में बृजवासी स्वीट हाउस के पास दो युवकों के बीच पैसे गिर जाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। उस समय दोनों ही व्यक्ति अत्यधिक शराब के नशे में धुत थे। बात बढ़ते-बढ़ते इतनी बिगड़ गई कि एक युवक ने दूसरे को जमीन पर गिरा दिया और उसके चेहरे पर लातों से हमला करना शुरू कर दिया।
एसीपी बोलीं- आरोपी पर केस दर्ज, हिरासत में लिया गया
मामले में एसीपी कैंट डॉ. प्रियंका बाजपेयी ने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। वीडियो के आधार पर पहचान करते हुए संबंधित आरोपी को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। मामले में अग्रिम विधिक व वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।