कानपुर: अपार्टमेंट में मिला डॉक्टर का पांच दिन पुराना शव, बेखबर पास बैठा रहा मानसिक बीमार बेटा, ऐसे हुआ खुलासा
Kanpur News: पनकी थाना क्षेत्र स्थित रतनपुर अपार्टमेंट में 82 वर्षीय डॉक्टर का पांच दिन पुराना शव उनके ही फ्लैट में मिला। उनके साथ रहने वाला मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटा पिता की मौत से अनजान पास ही बैठा रहा। बेटी और नाती के पहुंचने पर तेज दुर्गंध से घटना का खुलासा हुआ।
विस्तार
कानपुर में पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर स्थित अपार्टमेंट के फ्लैट में डॉक्टर प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव (82) का पांच दिन पुराना शव बिस्तर पर पड़ा मिला। उनके साथ रहने वाला मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटा पिता की मौत से अनजान पास ही बैठा रहा। फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर शादीशुदा बेटी और नाती पहुंचे, तो घटना की जानकारी हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रतनपुर के अमन इन्क्लेव, फ्लैट नंबर ए-304 में डॉक्टर प्रेम प्रकाश अपने बेटे विजय श्रीवास्तव के साथ फ्लैट में रहते थे। उनकी तीन बेटियां अर्चना, भावना और प्रीति हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। अर्चना के बेटे अनमोल ने बताया कि उसने नई कार खरीदी थी।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मंदिर में दर्शन करने के बाद वह अपनी मां के साथ नाना के घर प्रसाद देने पहुंचा। फ्लैट में दाखिल होते ही तेज दुर्गंध महसूस हुई। अंदर जाकर देखा तो नाना का शव बिस्तर पर पड़ा था, जबकि मामा पास में बैठे थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि डॉक्टर के बेटे को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।