Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Kanpur Ambulance stuck in traffic jam caused by rally father pleads with folded hands for way policeman dies

कानपुर: 'हमार बिटवा का एक्सीडेंट हो...', रैली के जाम में फंसी एंबुलेंस, रास्ता मांगता रहा पिता, सिपाही की मौत

Thu, 05 Nov 2026 01:49 PM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर Published by: Himanshu Awasthi Updated Thu, 05 Nov 2026 01:49 PM IST
सार

Kanpur News: कानपुर में भाजपा लोकतंत्र बचाओ रैली के दौरान लगे भीषण ट्रैफिक जाम ने एक 22 वर्षीय सिपाही की जान ले ली। फतेहपुर में डंपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल अंबेडकरनगर में तैनात सिपाही प्रांशु सचान को एंबुलेंस से हैलट अस्पताल लाया जा रहा था। टाटमिल चौराहे पर एंबुलेंस करीब डेढ़ से दो घंटे तक जाम में फंसी रही।

विज्ञापन
Kanpur Ambulance stuck in traffic jam caused by rally father pleads with folded hands for way policeman dies
मृतक की फाइल फोटो और रोते बिलखते परिजन - फोटो : amar ujala

विस्तार

कानपुर में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ रैली के दौरान लगे जाम में फंसी एंबुलेंस में 2025 बैच के सिपाही प्रांशु सचान (22) की सांसें थम गईं। फतेहपुर में पिता के साथ सड़क हादसे में गंभीर घायल हुए इकलौते बेटे और सिपाही को एंबुलेंस से हैलट अस्पताल लाया जा रहा था। टाटमिल चौराहे पर करीब एक घंटे तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही।

विज्ञापन

पिता बेटे की जान बचाने के लिए कभी पुलिसकर्मियों, तो कभी भीड़ के सामने हाथ जोड़कर रास्ता देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी।  करीब डेढ़ से दो घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद घायल सिपाही ने हैलट पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पिता का आरोप है कि उनका बेटा एंबुलेंस में दर्द से तड़पता रहा, लेकिन जाम के चलते उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका।

विज्ञापन
Trending Videos





विभागीय काम से सम्मन तामील कराने निकला था
मूलरूप से घाटमपुर के मोतीपुर गांव निवासी प्रमोद सचान किसान हैं। परिवार में पत्नी विभा, बेटा प्रांशु और बेटी चांदनी हैं। प्रांशु की तैनाती अंबेडकरनगर जिले की टांडा कोतवाली में थी। मंगलवार को वह विभागीय काम से सम्मन तामील कराने निकला था। पहले कानपुर देहात के रसूलाबाद और फिर कानपुर नगर के बिधनू में सम्मन तामील कराया। इसके बाद उसे फतेहपुर जाना था। रास्ते में पिता मिल गए,तो उन्हें भी बाइक पर बैठा लिया।

विज्ञापन

डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया
फतेहपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में बक्सर मोड़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पिता-पुत्र सड़क पर जा गिरे। बाइक पर पीछे बैठा प्रांशु डंपर के पहिये के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। प्रांशु की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।

विज्ञापन

टाटमिल पर एक घंटे तक नहीं मिला रास्ता
एंबुलेंस से कानपुर आते समय टाटमिल चौराहे पर जाम ने रास्ता रोक दिया। पिता प्रमोद के मुताबिक, करीब एक घंटे तक एंबुलेंस वहीं फंसी रही। प्रांशु के शरीर से लगातार खून बह रहा था। वह कभी हाथों से रक्तस्राव रोकने की कोशिश करते तो कभी गमछे से घाव पर दबाव बनाते। बेटे की हालत बिगड़ती देख एंबुलेंस से उतरकर लोगों से रास्ता देने की गुहार लगाई। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से भी बार-बार विनती की। पुलिसकर्मी एंबुलेंस निकलवाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वाहनों की लंबी कतारों के चलते रास्ता नहीं बन सका।

डॉक्टरों ने कहा- लाने में देर हो चुकी है
पिता का आरोप है कि भाजपा की लोकतंत्र बचाओ रैली के कारण शहर में जगह-जगह जाम लगा था। टाटमिल से हैलट पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे लग गए। किसी तरह एंबुलेंस हैलट पहुंची, तो पिता को उम्मीद थी कि डॉक्टर बेटे को बचा लेंगे, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने पिता से कहा कि अस्पताल लाने में देर हो चुकी है। यह सुनते ही वह बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़े। इकलौते बेटे को खोने के सदमे में पिता फूट-फूटकर रोने लगे।

हमार बिटवा का एक्सीडेंट हो गओ है, एंबुलेंस जान देव...
पोस्टमार्टम हाउस में पिता प्रमोद सचान बेटे को याद कर बार-बार बिलख पड़े। उन्होंने बताया कि जाम में एंबुलेंस फंसने के बाद वह सड़क पर उतरकर लोगों से रास्ता मांगते रहे। उनकी जुबान पर बस यही गुहार थी- 'हमार बिटवा का एक्सीडेंट हो गओ है, एंबुलेंस जान देव।' कभी पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़े तो कभी भीड़ से रास्ता देने की विनती की, लेकिन उनकी गुहार के बावजूद एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। बृहस्पतिवार को प्रांशु के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव को घाटमपुर के मोतीपुर गांव ले जाएंगे। गांव में पुलिस विभाग की ओर से उसे अंतिम सलामी दी जाएगी। इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed