हरदोई: एंटी करप्शन टीम ने घूस लेते लिपिक को दबोचा, जनरेटर के भुगतान के बदले मांगे थे 50 हजार, चपरासी से पूछताछ
Hardoi News: बिलग्राम नगर पालिका क्षेत्र में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए वरिष्ठ लिपिक को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया है। एक ठेकेदार ने जेम पोर्टल के जरिए जनरेटर आपूर्ति का टेंडर पूरा होने के बाद भी भुगतान न मिलने की शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की थी।
विस्तार
हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में जनरेटर का भुगतान करने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक रूपेश खन्ना को एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने कई घंटे तक वरिष्ठ लिपिक से पूछताछ भी की। मौके से 50 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। इस मामले में टीम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजकुमार से भी पूछताछ कर रही है।
एंटी करप्शन टीम से एक ठेकेदार ने शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में कहा था कि उसने जेम पोर्टल के जरिए नगर पालिका को जनरेटर की आपूर्ति के लिए टेंडर डाला था। टेंंडर मिल जाने के बाद उन्होंने जनरेटर भी उपलब्ध करा दिया था। इसके बावजूद नगर पालिका से जनरेटर का भुगतान नहीं हो रहा था। कई बार प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें भुगतान नहीं मिला।
विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि भुगतान के एवज में ठेकेदार से 90 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की थी। इसी क्रम में बुधवार को ठेकेदार नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक रूपेश खन्ना को पचास हजार रुपये देने पहुंचे। लिपिक ने रुपये लेने के बाद वहां मौजूद चपरासी राजकुमार से यह रुपये अपनी अलमारी में रखवा दिए।
इसी बीच एंटी करप्शन टीम निरीक्षक टीपी वर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुंच गई। टीम ने रुपेश खन्ना और राज कुमार से पूछताछ की। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रूपेश खन्ना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल राजकुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। एंटी करप्शन टीम दो वाहनों से बिलग्राम नगर पालिका पहुंची थी। टीम की कार्रवाई के बाद नगर पालिका परिसर में अफरा तफरी का माहौल रहा। एंटी करप्शन टीम रूपेश खन्ना को लेकर बिलग्राम कोतवाली गई है।
