बिल्हौर। बिकरू कांड के बाद कुख्यात विकास दुबे की संपत्तियों की जांच शुरू हो चुकी है। हिस्ट्रीशीटर के जमींदोज हुई कोठी के आसपास उसके गैंग के सदस्यों समेत अन्य पड़ोसियों की संपत्ति को एसआईटी और अन्य जांच अधिकारियों ने तहकीकात में शामिल किया है। इसी क्रम में रविवार को राजस्व विभाग की विशेष टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गांव का नक्शा बनाया। इसके बाद विकास दुबे का घर और घटना में शामिल उसके परिवारीजनों, हितैषियों, गैंग के सदस्यों के घरों का भी नक्शा बनाना शुरू कर दिया है।
चौबेपुर-सखरेज सर्किल के राजस्व निरीक्षक रामलखन और लेखपाल ने वारदात स्थल पर पहुंचकर इलाके का नक्शा तैयार किया। राजस्व टीम ने विकास दुबे, उसके मुंह बोले मामा प्रेम प्रकाश, प्रेमप्रकाश का पुत्र शशिकांत, इसकी पत्नी मनू, पड़ोसी अतुल दुबे, अमर दुबे, गोपाल सैनी, प्रवीण समेत 24 घरों को अपने नक्शे में शामिल किया। तहसीलदार बिल्हौर अवनीश कुमार ने बताया कि बिकरू गांव में जहां दो जुलाई की रात घटना हुई वह राजस्व अभिलेखों में आबादी में दर्ज है।