Coronavirus in Kanpur: पीएचसी प्रभारी डॉक्टर समेत चार को कोरोना, 14 हुए एक्टिव केस
जिला सर्वेलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. आरपी मिश्रा ने बताया कि एंटीजन में पुष्टि होने के बाद कोविड का पूरा प्रोटोकॉल अपनाया जाता है। इस बार 24 मार्च को पहली संक्रमित मिली थी। शहर में एक्टिव केस 14 हो गए हैं।
विस्तार
कानपुर में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरजेंदरनगर की प्रभारी 40 वर्षीय महिला डॉक्टर समेत चार नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें तीन महिलाएं हैं। श्यामनगर निवासी महिला डॉक्टर में चार दिन पहले कोरोना के लक्षण उभरे थे। उन्होंने तीन अप्रैल को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सैंपल दिया था। आरटीपीसीआर जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है।
इसके साथ ही एंटीजन टेस्ट से तीन में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें जरौली का 19 वर्षीय युवक, विनायकपुर की 35 वर्षीय महिला, नौबस्ता बैरी बिठूर रोड की 20 वर्षीय युवती शामिल है। पोर्टल पर संक्रमितों का आंकड़ा आने के बाद कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है। इन सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिला सर्वेलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. आरपी मिश्रा ने बताया कि एंटीजन में पुष्टि होने के बाद कोविड का पूरा प्रोटोकॉल अपनाया जाता है। इस बार 24 मार्च को पहली संक्रमित मिली थी।
इस तरह 13 दिन में नगर के जिला समेत 13 स्थानों पर 14 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें 11 महिलाएं हैं। रैपिड रिस्पांस टीम प्रभारी डॉ. गौरव त्रिपाठी ने बताया कि संक्रमित डॉक्टर के परिवार के सदस्यों समेत स्वास्थ्य केंद्र के 11 स्टाफ की सैंपलिंग करा ली गई है। अन्य संक्रमितों की आरटीपीसीआर जांच के लिए गुरुवार को सैंपल लिए जाएंगे। कोरोना संक्रमित विनायकपुर, जिला जेल, वर्ल्ड बैंक बर्रा, कुरसवां, स्वरूपनगर, सुतरखाना, आजादनगर, काकादेव, गीतानगर, यशोदानगर, श्यामनगर, जरौली, नौबस्ता बैरी बिठूर रोड में मिले हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 1503 सैंपल की जांच की है। इनमें 1100 सैंपल की आरटीपीसीआर और 403 सैंपल का एंटीजन टेस्ट किया गया। सीएमओ डॉ. आलोक रंजन का कहना है कि संक्रमितों के हलके लक्षण हैं। लोगों से अपील है कि मास्क लगाकर बाहर निकलें। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें।