मायूसी: नए साल के जश्न में तीसरे साल भी कोरोना का खलल, कारोबारियों को 50 करोड़ का लगेगा झटका
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते क्लबों में नए साल के जश्न पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं, 11 बजे से पहले शहर के रेस्टोरेंट भी बंद कर दिए जाएंगे। क्लबों के सदस्यों ने इस बार घर पर ही जश्न मनाने का मन बनाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना ने लगातार तीसरे साल नए साल के जश्न पर होने वाले आयोजनों पर ब्रेक लगा दिया। कोविड गाइड लाइन के चलते शहर के होटल, रेस्टोरेंट, लॉन और रिसोर्ट में आयोजन नहीं होंगे। इसके चलते करीब 50 करोड़ के कारोबार का नुकसान होगा। जानकारों का कहना है कि लोग घरों, अपार्टमेंट में नए साल का सेलिब्रेशन कर सकते हैं।
कोविड गाइड लाइन के चलते शहर में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। नए साल का जश्न रात 12 से शुरू होकर देर रात तक चलता है। शहर में 15 से 20 बड़े होटलों, क्लब, लॉन में बड़े-बड़े आयोजन पिछले सालों में किए जाते थे। इसके लिए बाकायदा हजारों रुपये के पास जारी होते थे। जिन्हें बड़े पैमाने पर लोग खरीदते थे।
कानपुर होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस स्वीट्स एसोसिएशन के महामंत्री राजकुमार भगतानी ने बताया कि 20 दिसंबर से पहले तक शहर में कई जगह आयोजन कराने की तैयारी की जा रही थी लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों और नाइट कर्फ्यू के बाद आयोजन की प्लानिंग खत्म कर दी गई। लगातार तीन साल से आयोजन न होने के चलते करीब 150 करोड़ का नुकसान होने का अनुमान है। वहीं बताया कि लोग घरों में नए साल का इस्तकबाल करने की योजना बना रहे हैं।
लोगों को रखना होगा कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान
होटल लैंडमार्क के मालिक विकास मल्होत्रा ने बताया कि इस बार पार्टी नहीं होगी। रेस्टोरेंट में आने जाने वाले लोगों को कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखना होगा। रेस्टोरेंट में कोविड प्रोटोकॉल के तहत ही लोगों को खाना परोसा जाएगा। रात्रि कर्फ्यू होने के कारण 11 बजे से पहले ही रेस्टोरेंट बंद कर दिया जाएगा।
गैंजेज क्लब के सदस्यों ने बताया कि क्लब में किसी प्रकार का कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। सभी सदस्य घरों में ही नए साल का जश्न मनाएंगे। उन्होंने शहर के सभी लोगों से घर पर ही जश्न मनाने की अपील की है।