Orai Crime: ड्यूटी पर तैनात सिपाही की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, तलाश में जुटी पुलिस
Orai News: उरई कोतवाली में गोविंदम चौकी में ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात मंगलवार की देर रात करीब ढाई बजे की है। सूचना मिलने पर एसपी डॉ. ईरज राजा और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू की है।
विस्तार
उरई कोतवाली में तैनात सिपाही की बाइक सवारअज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना की मिलते ही एसपी डॉ. इरज राजा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मथुरा जिले के थाना बलदेव के ग्राम चौरम्बर निवासी भेदजीत सिंह (40) उरई कोतवाली में कांस्टेबल पद पर तैनात था। मंगलवार की रात है, वह गोविंदम चौकी के पास अपनी ड्यूटी कर रहा था। तभी करीब 2:30 रात उसको बाइक से आए दो बदमाशों ने गोली मार दी।
इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी, फोरेंसिक टीम, एसओजी, सर्विलांस मौके पर पहुंची। एसपी का कहना है कि सिपाही ड्यूटी पर था। तभी संदिग्ध बाइक को उसने रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसके ऊपर हमला कर दिया।
आरोपियों की तलाश जारी, जिले की सीमाएं सील
बदमाशों ने सिपाही पर फायर झोंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अपराधियों को पकड़ने के लिए जिले की सीमाएं सील कर दी गई हैं। पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है। बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। सिपाही की हत्या से जिले में सनसनी फैल गई है।