Kanpur News: ठंड ने बढ़ा दी बाजारों में खरीदारों की भीड़, तीन दिन में दो करोड़ के कारोबार का अनुमान
ठंड बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों के अलावा गुड़ की गजक, इलेक्ट्रिकल उत्पादों की मांग पांच गुना तक बढ़ी है। ऐसे में कारोबारियों को आने वाले दिनों में अच्छे व्यापार की उम्मीद है। तीन दिनों में लगभग दो करोड़ के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।
विस्तार
कानपुर में बढ़ी ठंड ने बाजारों को गुलजार कर दिया है। गर्म कपड़ों की मांग तेज हो गई है। गुड़ की गजक के साथ ही इलेक्ट्रिकल आइटमों की मांग पांच से 10 गुना तक हो गई है। तीन दिन में करीब दो करोड़ के कारोबार का अनुमान है। कारोबारियों का कहना है कि जितना ज्यादा ठंड पड़ेगी। उतना कारोबार बढ़ेगा।
व्यापारियों ने अच्छी तैयारी भी की है। पिछले दो सालों में कोरोना और कम ठंडक पड़ने के चलते ठंड के कपड़ों का बाजार खासा ठंडा रहा था। इस बार सर्दी देर से आने और ज्यादा दिन रहने की संभावना के चलते कारोबारियों ने अच्छा स्टॉक किया।
अब ठंड तेज पड़ने लगी है। इससे कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। नवीन मार्केट में गर्म कपड़ों के कारोबारी फरीद अंसारी ने बताया कि गर्म कपड़ों की मांग दस गुना हो गई है। जैकेट, मफलर, दस्ताने, टोपा, हुडी की अच्छी बिक्री हो रही है। चमड़े की जैकेट की भी अच्छी बिक्री हो रही है। आगे भी अच्छे कारोबार की संभावना है।
कानपुर नमकीन, बेकरी, गजक एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल त्रिपाठी ने बताया कि गुड़, काले और सफेद तिल की बनी गजक की मांग बढ़ गई है। गुड़ खस्ता, काजू-पिस्ता गजक, खोया गजक, रेवड़ी की बिक्री हो रही है। इनकी कीमत 240 से लकर 480 रुपये है।
उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति तक अच्छी बिक्री की संभावना है। ठंड बढ़ने के साथ मांग बढ़ती जाएगी। इलेक्ट्रिकल कारोबारी रामकुमार ने बताया कि इमर्सन रॉड, हीटर, गीजर की बिक्री अच्छी हो रही है। बीते तीन दिन में डेढ़ करोड़ का कारोबार मिला है। शहर से ही अलग-अलग जिलों में उत्पादों की सप्लाई की जाती है।