मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना: कानपुर मंडल के 133 किसानों को मिला पुरस्कार, मंत्री दिनेश प्रताप ने कही ये बात
Kanpur News: नौबस्ता गल्ला मंडी में मंडी परिषद द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने 133 किसानों को सम्मानित किया।
विस्तार
कानपुर में मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत शुक्रवार को मंडी परिसर, नौबस्ता में मंडल के 133 किसानों को पुरस्कृत किया गया। इसमें चेक साथ खेती-किसानी से जुड़ी कई चीजें उपहार में दी गई हैं। इसमें ट्रैक्टर, पावर स्प्रेयर, मिक्सर ग्राइंडर सहित अन्य उत्पाद शामिल है।
इसमें अकेले कानपुर से 40 से अधिक किसान शामिल हैं। वहीं, कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि स्वतंत्र प्रभार कृषि निर्यात एवं विपणन दिनेश प्रताप सिंह मौजूद रहे। उन्होंने योजना को किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास बताया है।
योगी सरकार किसानों की आय दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जोर दिया है कि योगी सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के लिए लगातार काम कर रही है। बता दें कि ये योजना किसानों को उनकी कृषि उपज का उचित मूल्य दिलाने और उन्हें मंडी में अपनी फसल बेचने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जाती है।