Kanpur: संकुल शिक्षक कार्यशाला का आयोजन, मंडलायुक्त बोले- अपने बच्चों की तरह ही करें स्कूल के बच्चों की चिंता
Kanpur News: छत्रपति शाहूजी महाराज के प्रांगण में जनपद स्तरीय शिक्षक संकुल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन मंडलायुक्त लोकेश एम. के द्वारा किया गया। जनपद स्तरीय कार्यशाला का उद्देश्य जनपद के संकुल शिक्षकों को प्रेरित करना था।
विस्तार
जिस तरह आप अपने बच्चों की पढ़ाई की चिंता करते हैं। उसी तरह जब आप स्कूल पढ़ाने पहुंचें, तो यही चिंता उन बच्चों की भी करें जिन्हें पढ़ाने की जिम्मेदारी आपको सरकार ने दी है। ये बातें मंडलायुक्त लोकेश एम ने मंगलवार को शिक्षकों से कहीं।
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जनपद स्तरीय संकुल शिक्षक कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि मजदूरी करने वाले माता-पिता बच्चों को पर्याप्त समय और ध्यान नहीं दे पाते हैं।
आप अध्यापकों को ही बच्चों के प्रथम गुरु की भूमिका निभानी होगी। प्रदेश सरकार परिषदीय स्कूलों को और बेहतर बनाने के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर (आधारभूत संरचना) सुविधाएं दे रही है, लेकिन इन स्कूलों में बच्चों को अच्छी शिक्षा देना आपका काम है।
दीक्षा एप की उपयोगिता पर डाला प्रकाश
वहीं, कार्यक्रम में डीसी प्रशिक्षण प्रबोध प्रताप के द्वारा निपुण भारत मिशन में दीक्षा एप की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। संकुल शिक्षकों के द्वारा अपनी बेस्ट प्रैक्टिसेस का प्रदर्शन किया गया। डीसी एमआईएस के द्वारा यू डाइस पर चर्चा की गई। टीम बिल्डिंग एक्सरसाइजेस और नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में ये रहे मौजूद
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक संकुल को चेंज मेकर्स बताया और उन्हें दिसंबर 2023 तक अपने विद्यालय को निपुण बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यशाला में विवि के डीन, सहायक निदेशक (बेसिक शिक्षा), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह और सभी खंड शिक्षक अधिकारी मौजूद रहे।