Chitrakoot: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हादसा, किशोर की दबकर मौत, परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
Chitrakoot News: चित्रकूट के गुरगौला गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से किशोर की दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और अभी परिजनों से तहरीर का इंतजार कर रही है।
विस्तार
चित्रकूट जिले में सरधुवा थाना क्षेत्र के गुरगौला गांव के पास ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। इसके नीचे दबने से चालक किशोर की मौत हो गई। वहीं, परिजनों का कहना है कि किशोर बालू खाली करके लौट रहा था। खनन के गड्ढे में पलटा है। पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
चांदी गांव निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उनका पुत्र दुलीचंद (15) उर्फ बच्चा गांव के ही एक ट्रैक्टर मालिक के साथ घर से गया था। देर रात लगभग 11 बजे गुरगौला गांव के पास ट्रैक्टर से दब गया था। घटना की जानकारी परिजनों को गुरुवार की सुबह मिली है। बताया गया कि ट्रैक्टर मालिक निजी वाहन से किशोर को सीएचसी, राजापुर लेकर पहुंचा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही मां रन्नो देवी, पिता संतोष कुमार तथा भाई विनय कुमार और बहन गौरा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का आरोप है कि किशोर ट्रैक्टर चलाने का कार्य करता था और घटना के समय बालू ढुलाई से लौट रहा था। हालांकि, पुलिस अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
प्रभारी निरीक्षक शिवआसरे ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक अजहर जमाल ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए कर्वी भेज दिया है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी पक्ष से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।