UP: मुख्यमंत्री योगी पांच जुलाई को चित्रकूट से करेंगे पौधरोपण अभियान की शुरुआत, हेलीपैड से मंच तक रहेगी कड़ी सुरक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट में पांच जुलाई को पौधे रोपकर अभियान की शुरुआत करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पांच जुलाई को प्रदेश के वन महोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत धर्मनगरी चित्रकूट से कराने की तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरीशंकरी के पौधे रोपकर अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके लिए बहिलपुरवा के वन क्षेत्र सेहरिन में शनिवार को चित्रकूटधाम मंडल के मंडलायुक्त दिनेश सिंह और डीआईजी विपिन कुमार मिश्रा जिले के अधिकारियों के साथ पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया।
तय हुआ कि वाटरप्रूफ टेंट लगाया जाएगा। हेलीपैड स्थल से कार्यक्रम स्थल के कच्चे मार्ग पर अस्थायी सड़क बनाई जाएगी, जिससे सीएम का काफिला डगमगाए नहीं। मंडलायुक्त दिनेश सिंह ने डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला और डीएफओ आरके दीक्षित को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में बन रहे अस्थायी हेलीपैड में मानक का ध्यान रखा जाए।
मंच और पौधरोपण स्थल तक सीएम के काफिले के वाहन कहीं फंस न पाए, इस पर गौर करें। इसी हिसाब से तैयारी की जाए। अभी से पौधरोपण स्थल पर गड्ढे खोदकर उनकी सुरक्षा जाली तैयार करा ली जाए। पहले सीएम फिर सभी विभाग मिलकर लक्ष्य के अनुरूप पौधे रोपेंगे। डीएम ने बताया कि बारिश का सीजन होने के कारण कार्यक्रम में इसका प्रभाव न पड़े।
इसकी भी तैयारी रखी जाएगी। खासकर मंच पंडाल के अलावा पौधरोपण स्थल पर सीएम व उनके साथ रहने वाले मंत्रियों और अधिकारियों को बारिश से बचाना प्राथमिकता होगी। सीडीओ अमित आसेरी, अपर एसपी शैलेंद्र राय, एसडीओ (वन) ऊषा, रेंजर नफीस खान आदि संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
हेलीपैड से मंच तक कड़ी सुरक्षा
डीआईजी विपिन कुमार मिश्रा ने एसपी अतुल शर्मा से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियों की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि हेलीपैड से लेकर मंच और पौधरोपण स्थल तक अलग-अलग सुरक्षाकर्मियों के दस्ते तैनात रहेंगे। इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। डीएफओ आरके दीक्षित ने बताया कि सीएम जिन पौधों को रोपेंगे वह मंगा लिए गए हैं। इसके लिए गड्ढे भी रविवार को खोदे जाएंगे। इसके अलावा पूरे वन क्षेत्र में पौधरोपण की तैयारी हो रही है।