Chandrayaan-3 Road: सबसे खराब कर्रही रोड के भरने लगे गड्ढे, निगम का दावा- आज से हो जाएगी चलने योग्य
Kanpur: नगर निगम जोन-2 के प्रभारी अभियंता दिवाकर भास्कर ने बताया कि गड्ढों में जीएसबी (ग्रेनुअल्स सब बेस) डलवाया जा रहा है। यह गिट्टी, सीमेंट और मारबल पाउडर का मिश्रण होता है। बर्रा बाईपास से फत्तेपुर तिराहे तक के गड्ढे भरे जा रहे।
विस्तार
कानपुर शहर की सबसे खराब सड़कों में से एक कर्रही रोड की मरम्मत शुरू हो गई है। नगर निगम ने शनिवार को हुई सदन की बैठक में इस सड़क को चंद्रयान-3 का नाम दिया है। इस सड़क पर चांद की सतह की तरह गड्ढे होने का मामला अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसके बाद सोमवार को दिन में सड़क पर गिट्टी डाली गई। रात को रोलर भी चलाया गया। दावा है कि मंगलवार से लोगों को राहत मिल जाएगी। उधर सड़क के स्थायी निर्माण, डिवाइडर, फुटपाथ, नाले के लिए 12 करोड़ का इस्टीमेट भी तैयार कर लिया गया है।
15वीं वित्त की आगामी बैठक में स्वीकृति मिलते ही सड़क नए सिरे से बनेगी। बर्रा बाईपास से नौबस्ता गल्ला मंडी वाली सड़क से जोड़ने वाली इस रोड पर जगह-जगह गड्ढे हैं। बड़े वाहन तो दूर दो पहिया सवारों को भी समस्या होती है। आए दिन ई-रिक्शे पलटते हैं।
गड्ढों में जीएसबी डलवाया जा रहा है
सोमवार को नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी को इस सड़क को तत्काल चलने योग्य बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद यहां काम शुरू हो गया। नगर निगम जोन-2 के प्रभारी अभियंता दिवाकर भास्कर ने बताया कि गड्ढों में जीएसबी (ग्रेनुअल्स सब बेस) डलवाया जा रहा है।
बरसात में 716 अन्य सड़कें भी उधड़ीं, सर्वे में खुलासा
बरसात में शहर की 716 सड़कों का बुरा हाल हो गया है। इनमें से नगर निगम की 172 सड़कें शामिल हैं जबकि शेष सड़कें पीडब्ल्यूडी की हैं। इन दोनों विभागों द्वारा कराए गए सर्वे में यह बात सामने आई है। फिलहाल इन सड़कों पर पैचवर्क करवाया जा रहा है। इसके लिए विभागों ने अलग-अलग एस्टीमेट तैयार किया है, जो कुल 17.76 करोड़ रुपये का है।
जोनल अभियंताओं को सड़कों का सर्वे करने को कहा था
नगर निगम ने पैचवर्क के लिए तीन करोड़ रुपये आवंटित भी कर दिए हैं और मुख्य अभियंता को सितंबर के पहले हफ्ते में टेंडर और पैचवर्क कराने के निर्देश भी नगर आयुक्त ने दे दिए हैं। पीडब्ल्यूडी ने अस्थायी पैचवर्क शुरू कराने के साथ ही पक्के पैचवर्क के लिए मुख्यालय को एस्टीमेट भेजा है। बरसात का मौसम खत्म होते देख नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन के जोनल अभियंताओं को सड़कों का सर्वे करने को कहा था।
विभाग की 544 सड़कों में गड्ढे हो गए हैं
सर्वे में विभिन्न क्षेत्रों में 172 सड़कें टूटी पाई गईं। इनकी लंबाई 123.46 किलोमीटर है। इनमें पैचवर्क कराने के लिए नौ करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। नगर निगम की तुलना में पीडब्ल्यूडी की ज्यादा सड़कें टूटी हैं। पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड और निर्माण खंड की तरफ से किए गए सर्वे के अनुसार कानपुर नगर जिले में इस विभाग की 544 सड़कों में गड्ढे हो गए हैं।
सड़कों पर पक्का पैचवर्क कराना शुरू
इन सड़कों की कुल लंबाई 1390.47 किलोमीटर है, जिसमें से 1037.84 किलोमीटर लम्बी सड़कों में बीच-बीच में गड्ढे हैं। ज्यादातर सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की हैं। इनमें पैचवर्क के लिए 8.76 करोड़ का एस्टीमेट तैयार किया है। इसमें से विभाग को 1.08 करोड़ की पहली किस्त मिल गई है। इससे ज्यादातर जगहों पर कच्चा और कुछ सड़कों पर पक्का पैचवर्क कराना शुरू कर दिया गया है।
बरसात में छलनी हुईं ये प्रमुख सड़कें
- आवास विकास हंसपुरम में वसुंधरा होटल से एसजे एजूकेशन होते हुए मां गायत्री आइस्क्रीम तक।
- गोपालनगर स्थित सुरेंद्र पैलेस से सैनिक चौराहा।
- चाणक्यपुरी चौराहे के पास कमल यादव के मकान से निबटिया आवास।
- जाजमऊ में वीआईपी रोड से गल्ला गोदाम चौराहा व गल्ला गोदाम चौराहे से राष्ट्रीय राजमार्ग तक।
- स्वर्ण जयंती विहार में बिहारी पैलेस से हेल्थ केयर फार्मेसी तक व कबाड़ फैक्टरी से वैष्णो माता मंदिर के पीछे तक।
- खाड़ेपुर मेन रोड से चतुर्वेदी पुलिया तक।
- किदवईनगर थाने से जूही डिपो चौराहा।
- सोटे बाबा चौराहे से अलंकार गेस्ट हाउस।
- साकेतनगर में डब्ल्यू-1 ब्लाक।
- उस्मानपुर रोड से नर्मदेश्वर मंदिर।
- ट्रांसपोर्टनगर में केनाल पटरी रोड व आनंदपुरी।
- जंगली देवी मंदिर से 250 फीट रोड।
- दबौली मार्ग।
- गोविंदपुरी स्टेशन रोड।
- बर्रा विश्वबैंक डी-ब्लाक में क्रियाघर के सामने वाली सड़क।
- फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र।
- काकादेव में कुमार इंजीनियर्स से शहनवाज खान के मकान तक।
- शारदनानगर में शोभन चौराहे से राम सिंह कंट्रोल होते हुए प्रजापति आटा चक्की राजीवनगर।
- कोकाकोला चौराहे से मरियमपुर चौराहा।
- खेरेपति मंदिर से कुरसवां।
- रामनारायण बाजार।
- बिरहाना रोड आदि।
शहर में टूटी सड़कों का सर्वे कराया गया है। पहले चरण में पैचवर्क के लिए तीन करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। मुख्य अभियंता को सितंबर के पहले हफ्ते में टेंडर जारी करने और दूसरे हफ्ते में बरसात खत्म होते ही पैचवर्क कराने के निर्देश दिए हैं। अगले महीने अन्य सड़कों का भी पैचवर्क शुरू कराया जाएगा। -शिवशरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त
नगर में पीडब्ल्यूडी की 544 सड़कों में से 1037 किलोमीटर सड़कों में गड्ढे हो गए हैं। इनकी मरम्मत के लिए 8.76 करोड़ की जरूरत है। एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है, वहां से पहली किस्त के रूप में 1.08 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं। इस धनराशि से पैचवर्क शुरू करा दिया गया है। -संजीव भरद्वाज, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी, कानपुर परिक्षेत्र