Felicitation Ceremony: अमर उजाला और ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी का समारोह, 10वीं और 12वीं के मेधावियों का सम्मान
Kanpur News: समारोह में 20 से अधिक कॉलेजों के छात्रों को संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी और डीआईओएस डॉ. फतेह बहादुर सिंह ने मेधावियों को मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान किए। उन्हें पाने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
विस्तार
डिग्री से ज्यादा हुनर महत्वपूर्ण है। छात्रों को चाहिए कि वह अपने आपको सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें। अब समय बदल रहा है। जॉब के लिए आपका कम्पीटिशन ग्लोबल है। आपको चाहिए कि अपने को समय के साथ अपडेट रखें। तरक्की के लिए तकनीक जरूरी है और देश के लिए राष्ट्रवाद।
छात्रों को मोटिवेट करने वाली ये बातें शनिवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय पाठक ने सम्मान समारोह में कहीं। इस कार्यक्रम में वर्ष 2023 में बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा पास करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
बता दें कि अमर उजाला और ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी की ओर से सिविल लाइंस स्थित रागेंद्र स्वरूप ऑडिटोरियम में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें यूपी, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित किया गया।
मेधावियों को मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान किए
समारोह में 20 से अधिक कॉलेजों के छात्रों को संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी और डीआईओएस डॉ. फतेह बहादुर सिंह ने मेधावियों को मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान किए। उन्हें पाने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। कॉलेजों के शिक्षकों को भी स्मृति चिन्ह दिए गए।