सुरक्षा में सेंध: एक्सप्रेस-वे पर घुस आए मवेशी, थमी वाहनों की रफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा में गुरुवार को सेंध लग गई। फेसिंग (सुरक्षा जाल) टूटी होने के कारण अन्ना मवेशी एक्सप्रेस वे पर घुस आए। इसकी जानकारी जैसे ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मियों को हुई उन्होंने तुरंत एक टीम मवेशियों को हटाने के लिए भेजी और एक-एक टीम को तालग्राम और ठठिया में लगाकर वाहनों को धीमी रफ्तार से गुजारना शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद अन्ना मवेशी एक्सप्रेस से हटाए जा सके।
आगरा से लखनऊ तक बने 302 किमी लंबे एक्सप्रेस वे की रफ्तार सुबह करीब आठ बजे अचानक ब्रेक लग गया। तिर्वा क्षेत्र में करीब 20 अन्ना मवेशी टूटी फेसिंग से होकर एक्सप्रेस वे पर आ गए। तेज रफ्तार में आ रहे कुछ वाहन चालक तो इनसे टकराते भी बचे। ग्रामीणों ने किसी तरह इसकी जानकारी यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद्र दुबे को दी। हादसे की आशंका के चलते तुरंत एक टीम को रवाना किया।
धीमी गति से वाहन चलाने के लिए सचेत किया
सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद्र दुबे ने बताया कि एक्सप्रेस वे पर मवेशियों को घुसने से रोकने के लिए दोनों तरफ फेसिंग की गई है। इन फेसिंग को कई जगहों पर स्थानीय लोगों ने ही तोड़ दिया है। टूटी फेसिंग के कारण ही अन्ना मवेशी एक्सप्रेस वे पर आ गए। लेकिन सूचना मिलते ही इन्हें हटा दिया गया। फेसिंग की मरम्मत के लिए अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।