Kanpur: टर्मिनल यार्ड से तेल चोरी करने का मामला, गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस
Kanpur News: बुधवार सुबह जब तीन टैंकर में भरे तेल व टैंक के तेल की माप कराई गई, तो टैंक नंबर सात से करीब 25 टन खाद्य तेल कम मिला।
विस्तार
कानपुर में गुजैनी पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार कर टर्मिनल यार्ड से होज पाइप के सहारे तेल चोरी करने वाले गिरोह का भांडाफोड़ किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के तेल से भरा एक टैंकर बरामद किया है। पुलिस ने मामले में टर्मिनल यार्ड के हेड की तहरीर पर गैंग के छह शातिरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कल्याणपुर निवासी करुण दुबे मेसर्स कानपुर लॉजिस्टिक पार्क प्राइवेट लिमिटेड के पनकी रानीगंज भट्ठा एरिया में टर्मिनल यार्ड के हेड हैं। उनकी फर्म कार्गो हैंडलिंग व ऑपरेशन का कार्य करती है। फर्म में मेसर्स कानपुर एडिब्लेस प्राइवेट लिमिटेड व मनटोरा आयल प्राइवेट लिमिटेड को तेल स्टोरेज और ऑपरेशन के लिए स्थान किराये पर आवंटित हुआ है
करीब 25 टन खाद्य तेल कम मिला
उन्होंने बताया कि मंगलवार रात उनके यार्ड में 11 गार्ड और एक गनर तैनात थे। बुधवार सुबह जब तीन टैंकर में भरे तेल व टैंक के तेल की माप कराई गई तो टैंक नंबर सात से करीब 25 टन खाद्य तेल कम मिला। सुपरवाइजर गौरव गुप्ता ने बताया कि बर्रा आठ ई ब्लॉक निवासी शिवदत्त गुप्ता का गिरोह टैंकरों के चालकों की मदद से तेल को कम दामों पर खरीदता है और बर्रा आठ के शुभम मिश्रा को बेच देता है।
अन्य आरोपियों की तलाश में लगी हैं टीमें
मंगलवार रात शुभम व उसके साथी रात करीब डेढ़ बजे पनकी स्थित यार्ड पहुंचे और दीवार के पास अपना टैंकर खड़ा कर हौज पाइप यार्ड के अंदर करा दिया। वॉल्व से जोड़कर खाद्य तेल चोरी कर टैंकर शुभम ने अपने घर के पास खड़ा करा दिया। गुजैनी थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि मामला दर्ज कर शिवदत्त को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।