Kannauj: पांच वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला, पहले बेटी का शव बता किया हंगामा, फिर पहचानने से इनकार
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में घर से स्कूल जाते समय पांच वर्षीय बालिका लापता हो गई थी। शाम तक बालिका के घर न पहुंचने पर परिजनों आसपास तलाश किया, लेकिन सुराग नहीं लगा। गुरुवार को उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया।
विस्तार
कन्नौज जिले के इंदरगढ़ बंबा में बच्ची का शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिवार ने बेटी को बताकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर खूब हंगामा किया, लेकिन पोस्टमार्टम से पूर्व परिवार ने बेटी का शव होने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने अब डीएनए जांच कराने का फैसला किया है। कानपुर नगर की कोतवाली बिल्हौर के गांव मानपुर निवासी विनीता मायके सपाह में पति रामप्रताप और तीन बच्चों के साथ रहती हैं। 23 अगस्त की सुबह विनीता की पांच वर्षीय बेटी दीप्ती को रिश्तेदार अमित इंदरगढ़ कस्बे में संचालित स्कूल में छोड़ने गया था।
पुलिस और परिवार के लोग दीप्ती की खोज में जुटे थे। इधर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे थाने के पीछे गिहार बस्ती के पास बंबे में पुलिया के पास झाड़ियों में फंसा बालिका का शव मिला, तो विनीता देवी परिवार के साथ मौके पर पहुंची और बेटी दीप्ती का शव बताकर हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर एक बजे ग्रामीणों ने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। थाना प्रभारी कमल भाटी ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। दो घंटे बाद तीन बजे ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने जाम खुलवाया।
शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम से पूर्व शाम करीब चार बजे विनीता देवी और परिवार के लोगों ने दीप्ती का शव होने से इंकार कर दिया। इसके बाद सभी लोग शव को छोड़कर घर चले आए। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि पानी में पड़े होने के कारण शव फूल गया है। इससे परिजन गुमराह है। डीएनए सैंपल भेजकर शव का शिनाख्त कराई जाएगी।
शरीर पर यूनिफार्म न मिलने पर पहचान से किया इनकार
दरअसल दीप्ती स्कूल जाते समय लापता हुई थी। इस दौरान वह स्कूल की यूनिफार्म पहने थी। गुरुवार को बंबे में मिले पांच वर्षीय बालिका का शव सिर्फ बनियान और पैंटी में था। इससे परिजनों ने कहा कि यह दीप्ती का शव नहीं है।