Auraiya: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, तीन गंभीर घायल, लोग बोले- कोहरे के कारण बढ़ी घटनाएं
कोहरे में तेज रफ्तार में चल रहे वाहन जानलेवा साबित हो रहे हैं। अछल्दा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात दो ट्रकों को भीषण टक्कर का कारण भी कोहरा बना है। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
विस्तार
औरैया जिले में अछल्दा थाना क्षेत्र कोहरे के कारण बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हादसे बढ़ने लगे हैं। मंगलवार रात दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद यूपीडा ने एक ट्रक नहीं हटवाया। इसके कारण बुधवार सुबह बांदा से आ रही एक कार खराब खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई है।
हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 261-62 के बीच भीखेपुर गांव के सामने मंगलवार रात दो ट्रक टकराए थे। इनमें से एक ट्रक हादसे के कुछ देर बाद चला गया।
वहीं, आलू लदे ट्रक के मौके से नहीं हटवाया गया। बुधवार सुबह अधिक कोहरा होने के कारण बांदा से आ रही एक कार खड़े ट्रक में जा टकराई। हादसे में कार सवार जहानगंज फर्रुखाबाद निवासी अनूप कुमार दुबे, उनके साथी संदीप कुमार और सुधीर कुमार घायल हो गए।
हादसे की जानकारी पर यूपीडी की टीम मौके पर पहुंची। कार सवारों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल भेजा गया। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी कृष्ण स्वरूप सिन्हा ने बताया कि सुबह पांच बजे एक कार खड़े ट्रक से टकराई है। कार व ट्रक को हटवा कर रास्ता साफ कराया गया है।
उन्होंने बताया कि कोहरे को लेकर लगातार सतर्कता व सावधानी बरती जा रही है। हालांकि कोहरे में हाईवे पर तेज वाहन चलाने के चलते हादसे हो रहे हैं। ऐसे वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील है कि वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें और सुरक्षित रहें।