Kanpur: व्यापारी को पुलिस के सामने ही पीटा, भाजपा नेता समेत तीन गिरफ्तार, ACP बोले- जांच कर होगी कार्रवाई
Kanpur News: शास्त्री चौक के पास स्कूटी और बाइक की टक्कर के बाद समझौते का दबाव बना रहे थे। कहासुनी बढ़ने पर विशाल के समर्थन में पहुंचे भाजपाइयों ने संजय और रोहित को पुलिस के सामने ही पीट दिया।
विस्तार
कानपुर में शास्त्री चौक के पास सोमवार को बाइक और स्कूटी की टक्कर के बाद विवाद हो गया। बर्रा थानाक्षेत्र की जनतानगर चौकी में समझौता न करने पर स्कूटी सवार व्यापारी को बाइक सवार के समर्थन में आए भाजपाइयों ने पुलिस के सामने ही पीट दिया। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट लिख तीनों भाजपाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
बर्रा निवासी बर्तन व्यापारी संजय कुमार सोमवार सुबह किसी काम से दादानगर जा रहे थे। सीटीआई से शास्त्रीचौक के बीच बर्रा निवासी विशाल की बाइक से टक्कर हो गई। संजय चुटहिल हो गए। बाइक सवार ने जनतानगर चौकी चलकर बातचीत के लिए कहा। चौकी में संजय के समर्थन में रोहित सोनी पहुंचे।
वहीं, विशाल के समर्थन में भाजपाई भी पहुंच गए। वहां कहासुनी बढ़ने पर विशाल के समर्थन में पहुंचे भाजपाइयों ने संजय और रोहित को पुलिस के सामने ही पीट दिया। सूचना पर पहुंचे संजय के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर एसीपी नौबस्ता मंजय सिंह पहुंचे और नौबस्ता व गुजैनी से भी फोर्स बुलवा लिया।
अन्य लोगों को भी चिह्नित कर होगी कार्रवाई
चौकी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में भाजपा समर्थकों के पीटने की पुष्टि होने पर बर्रा पुलिस ने स्कूटी सवार की तहरीर पर केस दर्ज कर बाइक सवार विशाल, आर्यन व विक्रांत को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखकर अन्य लोगों को भी चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।