उठनी थी डोली...उठी अर्थियां: सड़क हादसे में हुई भाई की मौत, मंगल गीतों के बीच पसरा मातम, गुमसुम बैठी रही बहन
Mahoba Accident: पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सड़क हादसे में दो लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
महोबा जिले में बैंदो-कोहनिया मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में वार्ड ब्वाय समेत दो लोगों की मौत हो गई। युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी पनवाड़ी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
सिर में गंभीर चोटें आने से दो की जान चली गई। थाना महोबकंठ के कोहनिया निवासी सुखलाल (56) स्वास्थ्य केंद्र बैंदो में वार्ड ब्वाय के पद पर तैनात थे। वर्तमान में वह मध्यप्रदेश के हरपालपुर में रहते थे। मंगलवार शाम अस्पताल से ड्यूटी कर वह साथी परसद्दी श्रीवास (50) के साथ बाइक से हरपालपुर जा रहे थे।
तभी बैंदो-कोहनिया मार्ग पर बाबू तालाब के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में सुखलाल की मौके पर मौत हो गई जबकि परसद्दी घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक सवार सुभाष अहिरवार (17) ने भी मौके पर दम तोड़ दिया।
शवों को मोर्चरी पहुंचाया गया
उसकी बहन रामदेवी (19) गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सड़क हादसे में दो लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया है।
बहन की शादी से पहले भाई की मौत से मातम
कोहनिया निवासी धरम अहिरवार की पुत्री रामदेवी की 22 जून को शादी है, जिसकी तैयारियां चल रहीं थीं। शादी में बाइक देने के लिए पनवाड़ी एजेंसी से बाइक खरीदी थी। मंगलवार को भाई सुभाष अपनी बहन रामदेवी के नाम बाइक का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए एजेंसी जा रहा था। रास्ते में बाइक की भिड़ंत होने से सुभाष की मौत हो गई।