Bikru Kand: खुशी दुबे के दोनों मामलों में गवाहों के हुए बयान, चार अप्रैल को होगी अगली सुनवाई
बिकरू कांड मामले में दरोगा ने बयान दर्ज कराएं हैं। वहीं, कोर्ट में खुशी दुबे के दो मामलों में गवाहों के बयान हुए हैं, जिनकी अलग-अलग कोर्ट में सुनवाई चल रही है। बता दें कि अलगी सुनवाई चार अप्रैल को होगी।
विस्तार
कानपुर देहात के बिकरू कांड में आरोपी अमर दुबे की पत्नी खुशी को चौबेपुर पुलिस ने मुख्य मामले में आरोपी बनाने के साथ ही दूसरे की आईडी से लिए सिम कार्ड का उपयोग करने के मामले में भी आरोपी बनाया था। दोनों मामलों की सुनवाई अलग-अलग कोर्ट में चल रही है।
गुरुवार को दोनों मामलों में गवाहों ने कोर्ट में बयान दर्ज कराए। अब दोनों मामले में सुनवाई के लिए चार अप्रैल की तिथि नियत की गई है। चौबेपुर थानाक्षेत्र के बिकरू गांव में दो जुलाई 2020 को दबिश देने गई पुलिस टीम पर विकास दुबे व उसके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी।
घटना में आठ पुलिस कर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अमर दुबे की पत्नी खुशी को मुख्य मामले में आरोपी बनाने के साथ ही दूसरे की आईडी से लिए सिम का उपयोग करने के मामले में भी आरोपी बनाया था।
किशोर बोर्ड में चल रही है सुनवाई
साथ ही दोनों मामलों में आरोप पत्र अदालत में दाखिल किए थे। मुख्य मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश 13 पॉक्सो शैलेन्द्र कुमार वर्मा की कोर्ट और दूसरे की आईडी से लिए सिम का उपयोग करने के मामले की सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड में चल रही है।
दरोगा का बयान नहीं हुआ पूरा
दोनों ही मामलों में गवाही चल रही है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि गुरुवार को मुख्य मामले में अभियोजन के गवाह दरोगा अजहर इशरत ने कोर्ट में पेश होकर बयान दर्ज कराए हैं। उन्होंने बताया कि दरोगा का बयान पूरा नहीं हो पाया है।
चार अप्रैल को होगी अगली सुनवाई
वहीं, दूसरे मामले में किशोर न्याय बोर्ड में अभियोजन ने मामले में गवाह प्रणव दीक्षित को पेश कर उसके बयान दर्ज कराए। जिससे जिरह पूरी कर ली गई है। अब दोनों ही मामलों में कोर्ट ने सुनवाई के लिए चार अप्रैल की तिथि नियत की है। इस दौरान खुशी कोर्ट में उपस्थित रही।