Kanpur: दिनदहाड़े स्कूटी सवार महिला से लूटी चेन, बाइक पर सवार थे दो लुटेरे, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
चकेरी थाना क्षेत्र में बाइक सवार लुटेरों ने स्कूटी सवार महिला की चेन लूट ली। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है।
विस्तार
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में बंगाली कॉलोनी में दिनदहाड़े बाइक सवार लुटेरों ने स्कूटी के सवार महिला को बाइक मोड़ने के बहाने रोका। इसके बाद गले में झपट्टा मार चेन लूटकर भाग निकले। घटना के दौरान महिला ने हिम्मत दिखाकर लुटेरों को पकड़ने का प्रयास भी किया। पीड़िता ने चकेरी थाने में मामले की शिकायत की है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मूलरूप से फतेहगढ़ निवासी प्रेमलता चकेरी के एयरफोर्स स्टेशन स्थित एमईएस में सीनियर ऑडिटर के पद पर कार्यरत हैं। वह चकेरी के बंगाली कॉलोनी में किराए पर रहती हैं।
प्रेमलता ने बताया कि गुरुवार दोपहर को वह स्कूटी लेकर ड्यूटी से वापस घर लौट रही थी। तभी घर से 20 मीटर की दूरी पर उनके आगे चल रहे बाइक सवार युवकों ने गाड़ी रोकी और बाइक मोड़ने लगे। तभी बाइक में पीछे बैठे युवक ने उतरकर अचानक उनके गले मे झपट्टा मारा और चेन लूटकर भाग निकले।
प्रेमलता ने दौड़कर लुटेरों को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वे भाग निकले। इसके बाद पीड़िता ने चकेरी थाने में मामले की शिकायत की। लूट की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। थाना प्रभारी अंजन कुमार ने बताया कि महिला से तहरीर लेकर मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही लुटेरों की तलाश की जा रही है।