Bhai Dooj 2022: भाई दूज आज, दोपहर 12:45 तक है शुभ मुहूर्त
भाई दूज पर दोपहर 12:45 बजे तक ही शुभ मुहूर्त है। सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त सुबह 11:07 से दोपहर 12:45 बजे तक रहेगा।
विस्तार
हिंदू पंचाग के अनुसार कार्तिक मास की द्वितीया तिथि पर भाई दूज का त्योहार मनाया जाता है। इस वर्ष दिवाली के बाद पड़ने वाले हर त्योहार एक दिन देरी से पड़ रहे हैं क्योंकि दिवाली के दूसरे दिन ग्रहण लगने से उस दिन कोई भी त्योहार नहीं मनाया गया था। गुरुवार को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा।
दोपहर 12:45 बजे तक ही शुभ मुहूर्त है। यह जानकारी पं. गौरव तिवारी ने दी। उन्होंने बताया कि सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त सुबह 11:07 से दोपहर 12:45 बजे तक रहेगा। वहीं, कई घरों में बुधवार शाम को भी भाई दूज का त्योहार मनाया गया।
पुराणों में वर्णित कथा के अनुसार सूर्य नारायण और संज्ञा के पुत्र यमराज और पुत्री यमुना हैं। एक समय ऐसा आया जब संज्ञा सूर्य का तेज सहन कर पाने में असमर्थ होने से छाया बनकर रहने लगी। इस कारण ताप्ती नदी और शनिदेव का जन्म हुआ। जिसके बाद छाया का यम व यमुना के प्रति व्यवहार बदल सा गया। यम ने अपनी नगरी यमपुरी बसाई।
यम और यमुना दोनों भाई-बहन में बहुत प्रेम है। कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया के दिन यमुना ने भाई यमराज को भोजन के लिए निमंत्रण देकर घर बुलाया। ऐसे में यमराज ने सोचा कि मैं तो प्राणों को हरने वाला हूं। मुझे कोई भी अपने घर नहीं बुलाता। बहन जिस सद्भावना से बुला रही है, उसे निभाना धर्म है।
यमराज को घर आया देखकर यमुना बहुत खुश हुई। आतिथ्य से प्रसन्न यमराज ने बहन से वर मांगने को कहा। जिस पर यमुना ने कहा कि भाई आप हर वर्ष मेरे घर आएं और मेरी तरह जो बहन अपने भाई को टीका करे, उसे तुम्हारा भय न रहे। यमराज ने तथास्तु कह दिया। तब से यह पर्व मनाने की परंपरा चली आ रही है। इस मान्यता के चलते भाई दूज वाले दिन भाई बहनों के घर जाते हैं। जहां पर बहनें उनका टीका करने के साथ लंबी उम्र की कामना करती हैं। भोजन कराती हैं।