Kanpur: बीडीओ ने नियमों का उल्लंघन कर किया 21 लाख का भुगतान, सीडीओ बोलीं- दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई
Kanpur News: शिवराजपुर बीडीओ आशीष मिश्रा ने छह अलग-अलग एफटीओ लगाकर कुल 21.36 लाख का भुगतान कर दिया। मनरेगा उपायुक्त ने जब बीडीओ से पूछताछ की तो एपीओ मनरेगा, कंप्यूटर ऑपरेटर पर आरोप लगा इन्हीं को नोटिस जारी कर जवाब-तलब कर लिया।
विस्तार
कानपुर में मनरेगा योजना के तहत हुए पक्के निर्माणों में इस्तेमाल किए गए मैटीरियल के भुगतान की खातिर धनराशि निकालने के लिए शुक्रवार को 30 मिनट पोर्टल खुला। इस दौरान करीब 1.50 करोड़ रुपये की धनराशि निकाली गई। इसमें शिवराजपुर के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ने नियमों को दरकिनार कर छह फंड ट्रांसफर ऑर्डर (एफटीओ) बनाकर करीब 21.36 लाख रुपये का भुगतान फर्मों को कर दिया।
इसमें पांच एफटीओ ऐसे थे, डेढ़ लाख से ऊपर थे। नियमानुसार एक एफटीओ से 1.50 लाख से ज्यादा का बिल नहीं बना सकते। मनरेगा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे-पक्के निर्माण होते हैं। निवर्तमान प्रधानों ने बीते वर्ष करीब 13 करोड़ रुपये के पक्के काम करवाए थे। मजदूरी का भुगतान तो हो गया, लेकिन मैटीरियल का भुगतान मार्च से नहीं हो पाया था। शुक्रवार को शासन ने प्रदेशभर में ऑनलाइन भुगतान के लिए पोर्टल खोला था।
तीस मिनट में ही पक्के कार्य का पैसा समाप्त हो गया। जिले के 10 बीडीओ ने अपने डोंगल के माध्यम से करीब 1.50 करोड़ रुपये निकाले। शिवराजपुर बीडीओ आशीष मिश्रा ने छह अलग-अलग एफटीओ (9.77 लाख, 4.55 लाख, 3.10 लाख, 2.32 लाख, 1.60 लाख, 25 हजार रुपये) लगाकर कुल 21.36 लाख का भुगतान कर दिया। मनरेगा उपायुक्त ने जब बीडीओ से पूछताछ की तो एपीओ मनरेगा, कंप्यूटर ऑपरेटर पर आरोप लगा इन्हीं को नोटिस जारी कर जवाब-तलब कर लिया।
नियमों का उल्लंघन कर भुगतान करने की जानकारी हुई है। इसकी पोर्टल से जानकारी हासिल कर बीडीओ से जवाब-तलब किया जाएगा। गलत भुगतान किया है तो कार्रवाई होगी।
-सुधा शुक्ला, उपायुक्त मनरेगा
नियमों का उल्लंघन कर भुगतान करने के मामले में बीडीओ को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। साथ ही मामले की जांच भी कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। -दीक्षा जैन, सीडीओ