{"_id":"6ada33a1171bcc4f370c5748","slug":"banda-youth-killed-in-collision-between-tractor-and-dumper-two-brothers-critically-injured-2026-10-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"बांदा: ट्रैक्टर-डंपर की भिड़ंत में युवक की मौत, दो सगे भाई गंभीर, पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बांदा: ट्रैक्टर-डंपर की भिड़ंत में युवक की मौत, दो सगे भाई गंभीर, पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया
Thu, 22 Oct 2026 09:34 PM IST
Shikha Pandey
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा
Published by: Shikha Pandey
Updated Thu, 22 Oct 2026 09:34 PM IST
विज्ञापन
बांदा में सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के जमवारा गांव में बृहस्पतिवार रात धर्मशाला के पास ट्रैक्टर और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है।
विज्ञापन
शाहपाटन गांव के मजरा पाताल देवी निवासी संतोष केवट (25) अपने बड़े भाई कोमल (28) के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से लकड़ी उतारने लहुरेटा गांव गए थे। वहां करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक ने जमवारा में उतरने की बात कहकर ट्रैक्टर पर बैठने के लिए कहा। दोनों भाई युवक को साथ लेकर रात में लौट रहे थे। ट्रैक्टर संतोष चला रहा था।
विज्ञापन
जमवारा गांव में धर्मशाला के पास नरैनी से करतल की ओर जा रहे डंपर ने ट्रैक्टर में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी ले जाया गया। यहां चिकित्सक डॉ. नागेंद्र शुक्ला ने अज्ञात युवक को मृत घोषित कर दिया। संतोष और कोमल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सूचना पर उपनिरीक्षक दिलीप कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन