Banda: बेटे ने चाकू और फरसे से की वृद्ध पिता की हत्या, घरेलू विवाद को लेकर हुई थी कहासुनी, आरोपी फरार
Banda News: देहात कोतवाली क्षेत्र में एक बेटे ने घरेलू विवाद के बाद अपने वृद्ध पिता की चाकू और फरसे से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
विस्तार
बांदा जिले में देहात कोतवाली क्षेत्र के कुलकुम्हारी गांव में शुक्रवार शाम को बेटे ने वृद्ध पिता के सीने और पीठ में चाकू और फरसे से वारकर कर लहूलुहान कर दिया। अस्पताल लाने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पिता की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। देहात कोतवाली प्रभारी अनूप दुबे के मुताबिक, कुलकुम्हारी गांव निवासी नंदलाल कुशवाहा (60) शुक्रवार की शाम को अपने घर में था।
इसी दौरान उसका बड़ा बेटा गोरेलाल घर पहुंचा। दोनों के बीच घरेलू बातों को लेकर कहासुनी होने लगी। इसी दौरान गोरेलाल ने घर में रखा चाकू हाथ में उठाया और हाथ के नीचे वार कर दिया। चाकू लगने से वृद्ध लहूलुहान हो गया। इसके बाद में बेटे ने पिता की पीठ पर फरसे से वार कर दिया। घटना के बार आरोपी मौके से भाग निकला। पड़ोसियों ने देखा, तो घर के अंदर पहुंचे और खेत में धान की बेड़ रोपने गए परिजनों को बुलाया।
आरोपी की तलाश में जुटी टीमें
घायल हालत में वृद्ध को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी हाउस में रखवाया गया है। कोतवाल के मुताबिक हत्यारोपी गोरेलाल नशे का आदी है। पिता और पुत्र के बीच घरेलू मामलों को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान बेटे ने चाकू और फरसे से वार कर वृद्ध पिता की हत्या कर दी। एसओ ने कहा कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।