Banda Fire: तीन गांवों के बीच लगी भीषण आग, तीन किमी तक फैली…बुझाने में जुटीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियां
Banda News: जसपुरा क्षेत्र के तीन गांवों के बीच भीषण आग लग गई है। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीमें बुझाने में जुटी हैं, लेकिन हवा के चलते आग थमने की बजाए विकराल रूप ले रही है।
विस्तार
बांदा जिले में जसपुरा ब्लॉक के तिरहार क्षेत्र के यमुना नदी किनारे स्थित महबरा और मड़ौली कला के बीच शनिवार की देर रात खेतों में भीषण आग फैल गई। गांव के लोगों के अनुसार, ये आग दोनों गांव के बीच दो से तीन किलोमीटर तक फैल चुकी है।
पैलानी थाना क्षेत्र अंतर्गत मडौ़ली कला, महबरा और सबादा गांव के नजदीक शनिवार की आग ने चारों तरफ से घेर लिया है। मौके पर अग्निशमन की गाड़ियां पहुंचीं हैं। बताया गाय है कि एक किसान ने शाम को खेत में पराली जलाया था। इसी के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया है।
तीन किलोमीटर के दायरे में आग ही आग
वहीं, तेज आंधी से आग चारों तरफ फैल चुकी है। करीब तीन किलोमीटर के दायरे में आग ही आग दिखाई दे रही है। चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल है। किसानों को भय है कि यदि आग तीनों गांव में बस्ती में पहुंचती है, तो स्थिति भयानक रूप ले सकती है।
आग थमने की जगह ले रही विकराल रूप
वहीं, मौके पर एसडीएम पैलानी शशि भूषण मिश्र ,तहसीलदार पैलानी राधेश्याम सिंह किसानों को ढांढस बढ़ाने के साथ-साथ आग को ग्रामीणों की मदद व अग्निशमन की मदद से बुझाने के लिए लगे हैं, लेकिन हवा के जोर के चलते आग थमने के बजाए विकराल रूप ले रही है।