UP: वरमाला के समय नशे में धुत था दूल्हा, हरकतों से आहत हुई दुल्हन…ठुकराया रिश्ता, बोली- नहीं चाहिए नशेबाज पति
Banda News: गौरी कला गांव में चार दिसंबर को जयमाला के समय दुल्हन संजू ने दूल्हे श्यामू को शराब के नशे में देखकर शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद थाने में हुए समझौते में दोनों पक्षों ने सामान वापस कर दिया और दुल्हन के इस साहसिक फैसले की खूब सराहना हो रही है।
विस्तार
बांदा जिले में पैलानी तहसील क्षेत्र के गौरी कला गांव में बीते चार दिसंबर की रात उस समय हड़कंप मच गया। जब जयमाला के समय पर दुल्हन ने दूल्हे को शराब के नशे में देखकर शादी करने से साफ इनकार कर दिया। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के छिंदा गांव की रहने वाली संजू (25) उर्फ संजोकता वर्मा, जो अपनी मौसी के घर गौरी कला में रह रही थी। उसकी शादी फतेहपुर जिले के आजमपुर गढ़वा निवासी मोतीलाल के बेटे श्यामू से तय हुई थी।
चार दिसंबर को गाजे-बाजे के साथ बारात जसपुरा थाना क्षेत्र के गौरी कला गांव पहुंची। बरातियों का स्वागत सत्कार हुआ, लेकिन जैसे ही दूल्हा-दुल्हन वरमाला के लिए स्टेज पर पहुंचे। दुल्हन ने देखा कि दूल्हा श्यामू नशे में है और उसके व्यवहार में भारी असामान्यता है। दुल्हन ने तुरंत वरमाला डालने से इंकार कर दिया। दुल्हन के फैसले के बाद वधू पक्ष और बराती दोनों में अफरा-तफरी मच गई। काफी मान-मनौव्वल, समझाने और ताकीद के बावजूद भी संजू अपने फैसले पर अडिग रही।
कहा- नहीं चाहिए नशेबाज पति
इसके बाद मामला थाने पहुंचा, जहां थाना प्रभारी अनिल कुमार ने दोनों पक्षों को अगले दिन पांच दिसंबर को बुलाया। थाने में पंचायत के दौरान भी दुल्हन ने साफ कहा कि मैं शराबी लड़के के साथ जिंदगी नहीं गुजार सकती। ऐसे पति के कारण महिलाओं की जिंदगी नरक बन जाती है। पंचायत में दूल्हन पक्ष ने दहेज में दिया गया सारा सामान मोतीलाल को वापस लौटा दिया।
पिता भी शराब के नशे में थे
गौरी कला निवासी दुल्हन के मौसा जीतू ने बताया कि संजू के पिता रामबाबू की इच्छा थी कि उनकी बेटी की शादी उनके गांव से ही हो, लेकिन दूल्हे के नशे में बर्ताव ने पूरी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। दुल्हन ने यह भी आरोप लगाया कि सिर्फ दूल्हा ही नहीं, बल्कि उसके पिता मोतीलाल भी शराब के नशे में थे। शराबी दूल्हों और बढ़ती नशाखोरी के सामाजिक परिणामों पर यह मामला एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
दुल्हन के साहसिक फैसले को स्थानीय लोगों ने खूब सराहा
वहीं, दुल्हन संजू के साहसिक फैसले को स्थानीय लोग खूब सराह रहे हैं। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि परिजनों ने युवती को समझा पर युवती द्वारा शराबी युवक से शादी के इंकार के बाद शादी टूट गई। दोनों पक्षों ने आपस में सुहल-समझौता कर जो भी सामान लिया-दिया था, वह आपस में बदल लिया।
