Auraiya: अज्ञात वाहन ने ली मजदूर की जान, टैंक सफाई के बाद लौट रहा था घर, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Auraiya News: फफूंद थाना क्षेत्र में टैंक की सफाई कर लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। युवक के तीन छोटे बच्चे हैं और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र में मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कस्बे के मोहल्ला लोधियान निवासी गौरव कुमार (26) पुत्र अशोक वाल्मीकि मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
शुक्रवार को वह क्षेत्र के गांव चिरैयापुर में टैंक की सफाई करने गया था। रात में बाइक से घर लौटते समय फफूंद औरैया मार्ग पर गांव सुक्खू के अड्डा के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी परी (6), दूसरी बेटी चिंगी (2) और एक माह का पुत्र है। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।