Auraiya Theft: नैनीताल घूमने गया परिवार, पीछे से चोरों ने घर कर दिया साफ, नकदी और जेवर लेकर हुए फरार
Auraiya News: अजीतमल के मुरादगंज में नैनीताल घूमने गए परिवार के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया। घर से नकदी और जेवर पार कर चोर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है।
विस्तार
औरैया जिले में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव मुरादगंज में चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर अंदर रखी नकदी व जेवर पार कर दिए। वारदात के समय परिवार नैनीताल घूमने जा रहा था। चोरों ने वारदात से पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। सोमवार रात पीड़ित ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
गांव मुरादगंज के अयाना रोड निवासी संजू सिंह 18 मई को अपनी पत्नी अंजली, बेटे आरव व विभान और अपने दोस्त तन्नी व उनकी पत्नी काजल के साथ नैनीताल घूमने के लिए निकले थे। सफर से लौटते वक्त 24 मई को पूरा परिवार नोएडा में अपने किसी परिचित के यहां रुके थे। इसी बीच 25 मई की सुबह पड़ोसी ने संजू सिंह के घर के मेन गेट का ताला टूटा देखा, जिसकी जानकारी संजू को दी गई। चोरी की सूचना मिलते ही संजू सिंह शाम को अपने घर पहुंचे।
खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी
जब उन्होंने अंदर जाकर देखा, तो कमरों के ताले टूटे पड़े थे और अलमारी का लॉकर भी कटा हुआ था। पीड़ित के मुताबिक, चोरों ने अलमारी में रखे करीब 55 हजार रुपये और उनकी पत्नी के सोने-चांदी के जेवार पार कर दिए। चोरों ने साक्ष मिटाने के लिए घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिए। कोतवाल ललितेश नारायन त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द चोरों की पहचान कर खुलासा किया जाएगा।