“चारू बनीं सरिता”: पुलिस अधीक्षक ने रची झूठी लूट की घटना, कारण जानकर पुलिस भी हैरान, फिर हुआ ये खुलासा
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में पुलिस की सक्रियता और रिस्पांस टाइम देखने के लिए एसपी चारू निगम सड़कों पर उतरीं। उन्होंने सरिता बनकर पुलिस कंट्रोल रूम और डायल 112 को सुनसान रोड पर तमंचे के बल पर लूट की घटना की जानकारी दी। इसमें पुलिस का रिस्पांस संतोषजनक रहा।
विस्तार
औरैया जिले में जनपदीय पुलिस की सतर्कता और रिस्पांस टाइम को चेक करने के लिए पुलिस अधीक्षक चारू निगम ‘सरिता चौहान’ बन गईं। उन्होंने कंट्रोल रूम और डायल 112 को दिबियापुर रोड स्थित प्लास्टिक सिटी के पास सुनसान रोड पर लूट की सूचना दी।
उन्होंने स्वयं को सरिता चौहान बताया और कहा कि दो पहिया वाहन पर बैठकर जाते समय प्लास्टिक सिटी के पास सुनसान रोड पर तमंचे के बल पर बाइक सवार अज्ञात व्यक्तियों ने लूट की कर ली है। तमंचा सवार दोनों लूटेरे औरैया जनपद की ओर फरार हुए हैं।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मौके पर उपस्थित पुलिस बल महोदया को पहचान नहीं पाया। साथ ही, उन्हें पीड़ित समझकर घटना के संबंध में संपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस घटना में जनपदीय पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक रही।
पुलिस की सक्रियता जांचने की पहल
एसपी चारू निगम ने बताया कि इस घटना का उद्देश्य जनपदीय पुलिस की सक्रियता और रिस्पांस टाइम जानना था। यदि कोई आम नागरिक समस्या में है, तो पुलिस कितनी त्वरित कार्रवाई करती है। साथ ही निस्तारण की क्या प्रक्रिया अपनाती है।
उन्होंने बताया कि पुलिस का रिस्पांस संतोषजनक था। एसपी द्वारा कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बता दें कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें दिख भी रहा है कि कथित महिला सरिता के साथ लूट की घटना कैसे रची जा रही है।