Auraiya: पीएनबी में ‘आपातकाल’ सा माहौल, सायरन बजते ही मचा हड़कंप, पुलिस और दमकल पहुंची, जांच में खुला यह राज
Auraiya News: औरैया के पंजाब नेशनल बैंक में अलार्म बजने से हड़कंप मच गया। जांच में पता चला कि तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि किसी की मूवमेंट के कारण फायर अलार्म सक्रिय हो गया था।
विस्तार
औरैया जिले में कानपुर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में बुधवार सुबह अचानक सायरन बजने से हड़कंप मच गया। शांत सुबह में सायरन की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन सूचना दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। सायरन बजने के कारण शाखा के आसपास सुरक्षा घेरा बना लिया गया। काफी देर तक जांच-पड़ताल के बाद भी जब कारण स्पष्ट नहीं हुआ, तो बैंक शाखा प्रबंधक को तत्काल सूचना देकर बुलाया गया।
शटर खुलते ही हुआ खुलासा
बैंक कर्मी के पहुंचने पर जैसे ही शटर खोला गया, स्थिति स्पष्ट हुई। इसी दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। बैंक के अंदर जाकर की गई जांच में पता चला कि किसी की संदिग्ध गतिविधि के कारण फायर अलार्म सिस्टम सक्रिय हो गया था, जिससे सायरन बजने लगा।
सायरन को बंद कर दिया गया
मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि फायर अलार्म मशीन के पास किसी की मूवमेंट होने के कारण अलार्म बजना शुरू हुआ था। फिलहाल सायरन को बंद कर दिया गया है और स्थिति सामान्य है। बैंक प्रबंधन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।