Auraiya: चेन स्नेचर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली…दोनों बदमाश गिरफ्तार, ये सामान हुआ बरामद
Auraiya News: चेन स्नेचर्स को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों घायलों को दबोच लिया और उन्हें इलाज के लिए चिचौली अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
औरैया जिले के दिबियापुर क्षेत्र में उमरसाना मोड़ के पास रात को चेन स्नेचर से हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में गोली बदमाशों के पैर में जा धंसी। पुलिस ने घायलों को चिचौली मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। फायरिंग में पुलिस वाहन का शीशा भी टूटा है। गिरफ्तार बदमाशों ने महिला के संग मंगलसूत्र व हार लूटने की वारदात करना स्वीकार किया है।
इनके कब्जे से पुलिस ने बिना नंबर की एक बाइक व तमंचा व कारतूस भी बरामद किए। इनके अलावा महिला के टूटे हुए मंगलसूत्र का टुकड़ा भी बरामद किया है। एसपी अभिजित आर शंकर के मुताबिक महिला से लूटकांड में एसओजी व पुलिस टीमें दोनों बदमाशों की तलाश में दबिशें दे रही थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सदर क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी रोहित कंजर को हिरासत में लिया था।
पुलिस वाहन का शीशा हो गया चकनाचूर
पूछताछ में पता चला कि उसका साथी मंगल ककुरिया गांव में लूट के माल का हिसाब करने आएगा। पुलिस रोहित के संग ककुरिया गांव पहुंची, तब मंगल वहां पहुंचा। पुलिस टीम को देख मंगल ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने जवाब में फायरिंग की। इससे पुलिस वाहन का शीशा भी चकनाचूर हो गया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों घायलों को दबोच लिया और उन्हें इलाज के लिए चिचौली अस्पताल में भर्ती कराया गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से एक बिना नंबर की बाइक,315 बोर का तमंचा तीन कारतूस व महिला का टूटा हुआ मंगलसूत्र का टुकड़ा बरामद किया।
चलती बाइक पर सवार महिला से लूटा था मंगलसूत्र व हार
कानपुर देहात के अमराहट डेरा निवासी मनजीत अपने पत्नी प्रीति व बहनोई के संग मंगलवार की दोपहर को बाइक से गांव मुंशीपुरा पाता अपनी मौसी के घर जा रहे थे। रास्ते में ककोर बंबा से एक किमी. पहले वाटर पार्क और कृष्णा गार्डन के बीच में बाइक सवार दो बदमाशों ने चलती बाइक पर सवार प्रीति के गले में मंगलसूत्र व हार झपटा मारा था।
एसपी ने घटना के खुलासे के दिए थे निर्देश
इस घटना में महिला सवार प्रीति गिरकर घायल हो गई थी। फौरन घायल को मेडिकल कॉलेज चिचौली पहुंचाया गया था। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची थी। जांच कर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले में एसपी अभिजित आर शकर ने एसओजी व दिबियापुर पुलिस को घटना के खुलासे के निर्देश दिए थे।