Auraiya: ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई, एसडीएम-एआरटीओ की संयुक्त छापेमारी, 12 वाहन सीज और लाखों का जुर्माना वसूला
Auraiya News: बेला थाना क्षेत्र में एसडीएम बिधूना और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 12 ओवरलोडेड वाहनों को सीज किया है। प्रशासन ने इन वाहनों पर कुल 5.11 लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त संदेश दिया है।
विस्तार
औरैया जिले में बेला थाना क्षेत्र के ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ जिले में प्रशासन ने कार्रवाई की है। बिधूना एसडीएम और एआरटीओ की अगुवाई में चली चेकिंग मुहिम से ट्रक चालकों में हड़कंप मच गया। संयुक्त टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 12 वाहनों को सीज करते हुए 5.11 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
बृहस्पतिवार को एसडीएम बिधूना गरिमा सोनकिया, सीओ पी पुनीत मिश्रा और एआरटीओ एनसी शर्मा ने बेला और कुदरकोट थाना क्षेत्रों में मोर्चा संभाला। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह और बेला थानाध्यक्ष गंगदास गौतम की मौजूदगी में संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी क्षमता जांची गई।
वाहनों को सीज कर थाने में खड़ा कराया
इस दौरान बेला में ओवरलोडिंग में आठ वाहनों को पकड़ा। इन सभी को सीज कर थाने में खड़ा कराया गया है। इन वाहनों पर कुल 3,40,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, थाना कुदरकोट क्षेत्र में तीन ओवरलोडेड वाहनों को सीज कर 1.40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, भूसे से लदे एक अन्य वाहन का चालान कर मौके पर ही 31,000 रुपये ऑनलाइन जमा कराए गए।
