Auraiya: बहन से बदसलूकी का खौफनाक बदला, ईंट से कूचकर शव कुएं में फेंका, पुलिस ने दो सगे भाइयों को दबोचा
Auraiya News: बिधूना में बहन से कथित अभद्रता का बदला लेने के लिए दो सगे भाइयों ने वीपी सिंह उर्फ नंदकिशोर की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। इसके बाद शव कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
औरैया जिले के बिधूना थाना क्षेत्र में पिछले दिनों लापता हुए एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने अपनी बहन के साथ हुई कथित गलत हरकत का बदला लेने के लिए इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मामला 10 मई का है, जब बिधूना क्षेत्र से वीपी सिंह उर्फ नंदकिशोर अचानक लापता हो गया था। परिजनों की चिंता तब गहरे सदमे में बदल गई जब 11 मई को नंदकिशोर का शव एक कुएं से बरामद हुआ। इस घटना के बाद सक्रिय हुई बिधूना थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई ने महज कुछ ही दिनों में मामले की परतें खोलकर रख दीं।
सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर मारा
पुलिस की पूछताछ और जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी की बहन के साथ मृतक ने कथित तौर पर गलत व्यवहार किया था। इसी का बदला लेने के लिए दोनों भाइयों ने मिलकर हत्या की खौफनाक साजिश रची। योजना के मुताबिक, आरोपी ने पहले नंदकिशोर के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतारा। इसके बाद साक्ष्यों को छुपाने के इरादे से उसने अपने सगे भाई के साथ मिलकर शव को एक साइकिल पर लादा और सुनसान जगह स्थित कुएं में ले जाकर फेंक दिया।
पुलिस ने दोनों सगे भाइयों को दबोच लिया
वारदात को पूरी तरह छुपाने के लिए उन्होंने शव के ऊपर पराली भी डाल दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों सगे भाइयों को दबोच लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटनास्थल से खून से सनी हुई ईंट, मृतक का मोबाइल फोन और शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई साइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस प्रशासन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।